करीमुद्दीनपुर : जलने से पहले ही बुझ गया प्रेम का दिया, प्रेमिका के कहने पर उसके दुश्मन की बांस से कर दी हत्या, दोनों गिरफ्तार


करीमुद्दीनपुर। स्थानीय पुलिस ने थानाक्षेत्र के डेहमा गांव स्थित अपने अहाते में सो रहे अधेड़ की बांस से पीटकर नृशंस हत्या का पर्दाफाश कर लिया और घटना को अंजाम देने वाले युवक व युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दो दिनों पूर्व गांव निवासी 50 वर्षीय जयप्रकाश गोंड अपने घर के अहाते में सो रहे थे। उसी समय उनकी बांस से पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इसमें खुलासा करते हुए दो बदमाशों को चिह्नित किया। पता चला कि जयप्रकाश का जमीनी विवाद रीना खरवार पुत्री रविंद्र खरवार से चल रहा था। जिसके बाद उसने अपने प्रेमी राजा दशरथ सोनकर उर्फ गोलू पुत्र शंभू सोनकर से इस बात को कहकर उसे जयप्रकाश की हत्या के लिए मनाया। जब गोलू मान गया तो उसे बांस का टुकड़ा थमा दिया और वो दोनों रात में वहां जाकर जयप्रकाश की नृशंसता से हत्या कर वहां से फरार हो गए। इधर पुलिस को दोनों हत्यारों की लोकेशन मिली तो सूचना के आधार पर एसआई दिनेश चन्द्र कौशिक ने दोनों आरोपियों को रेलवे स्टेशन रोड से गिरफ्तार कर लिया। वो भागने के लिए साधन का इंतजार कर रहे थे। दोनों को थाने लाया गया। उन्होंने अपना नाम राजा दशरथ सोनकर उर्फ गोलू पुत्र शम्भू सोनकर व रीना खरवार पुत्री रविन्द्र खरवार बताया। बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांस भी बरामद कर लिया। जिसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।