सैदपुर : वार्ड 3 में अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर से टूटकर बीच सड़क गिरा पोल, बड़ा हादसा टला, 20 घण्टे आपूर्ति बाधित


सैदपुर। नगर के वार्ड 3 में रामकरन सेतु के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने विद्युत पोल को टक्कर मार दी। जिससे पोल टूटकर बीच सड़क धराशायी हो गया। संयोग अच्छा था कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता था। घटना के बाद मौके पर हड़कम्प मच गया। मंगलवार की शाम साढ़े 6 बजे तक मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की जा सकी। रामकरन सेतु के अप्रोच मार्ग के बगल में एक विद्युत पोल लगा था। उक्त पोल से पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति होती है। इस बीच पुल से गंगा पार जाने वाली तेज रफ्तार ट्रक बीती रात करीब साढ़े 11 बजे अनियंत्रित हो गयी और उसने पुल से नीचे उतरकर पोल को टक्कर मार दी। जिसके चलते पोल तार समेत सड़क पर आ गिरा। संयोग अच्छा था कि रात ज्यादा होने से वहां सन्नाटा पसरा था और कोई मौजूद नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इधर पोल के धराशायी होने के बाद मौके पर मुहल्ले के लोगों ने जुटकर स्थिति नियंत्रित की। इधर घटना के बाद पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी। घटना के बाद सुबह पहुंचे विद्युतकर्मियों ने मरम्मत शुरू की। इसके बाद करीब 20 घण्टे तक कि बाधा के बाद मंगलवार की शाम साढ़े 6 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान भीषण गर्मी में जहां लोग बिलबिला गए, वहीं पेयजल के लिए भी लोगों को काफी परेशानी हुई।