व्यापार मंडल की स्थापना के 50 वर्ष पूरे, स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में शहीदों को किया गया नमन





मोहम्मदाबाद। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के आह्वान पर व्यापार मंडल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर जनपद के सभी बाजारों में दीपोत्सव का कार्यक्रम किया गया। मंडल की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर इसे स्वर्ण जयंती के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मोहम्मदाबाद गोहना के शहीद चौक पर जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर के नेतृत्व में शहीद स्तंभ पर माल्यार्पण करके दीप प्रज्ज्वलित किया गया। शहीदों को नमन करते हुए वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों का मोहम्मदाबाद गोहना से शुभारंभ किया गया। मंडल के जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 24 दिसंबर 1973 में काशी के नमो घाट पर व्यापार मंडल के संस्थापक लाला विशंभर दयाल अग्रवाल एवं पंडित श्याम बिहारी मिश्रा के देखरेख में प्रमुख व्यापारियों की बैठक हुई थी। जिसमें व्यापारियों के खोए हुए सम्मान को वापिस दिलाने के लिए और छोटे-छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और उद्यमियों को बिना भेदभाव के एक मंच पर लाने और उन्हें संगठित करने के लिए उन्होंने व्यापार मंडल का गठन किया था। व्यापार मंडल के गठन के बाद बिक्री कर के सर्वे व छापों को रोकने हेतु बिक्री कर के बहिष्कार का नारा दिया गया। जिसमें कई जगह पर व्यापारियों व अधिकारियों में संघर्ष हुआ। जिसमें हमारे 13 व्यापारी काल कवलित हो गए। इसके बाद 29 मई 1979 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसीदास गुप्ता ने बिक्री कर के सर्वे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया। इस संगठन के बैनर तले व्यापारी हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष जारी है। इस मौके पर आईटी मंच के प्रदेश महामंत्री आनंद ओमर, युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंशु बरनवाल, जिला उपाध्यक्ष फतेह बहादुर गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष विजय शंकर गुप्त, जगदीश प्रसाद गुप्त, श्रवण कुमार शर्मा, अनिल कुमार विश्वकर्मा, मनीष सर्राफ, अमृतलाल जायसवाल, श्यामजी साहनी, रमेश चंद गुप्त, हिमांशु गुप्ता, सुरेंद्र नाथ गुप्ता, विष्णुकांत श्रीवास्तव ,धर्मेंद्र गुप्ता ईश्वर दयाल सेठ, राजीव कुमार सेठ, अशोक सिंघल आदि रहे। संचालन जिला महामंत्री स्वतंत्र कुमार गुप्त मुन्ना तथा आभार नगर अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्त ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बेलहरी में शुरू हुई सात दिवसीय भागवत कथा, पहले दिन पूरे गांव में निकाली गई कलश यात्रा
पूर्व जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में लोगों ने सुनी पीएम मोदी के मन की बात, जिले के सभी बूथों पर मनी भारत रत्न की जयंती >>