विधायक सुभाष पासी संग भाजपा का दामन थामते ही सपा ने रीना पासी को दिया झटका, एक सप्ताह में ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी से किया पदमुक्त


सैदपुर। विधायक सुभाष पासी के सपा छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही सपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने विधायक की पत्नी व अक्षर फाउंडेशन की अध्यक्ष रीना सुभाष पासी को सपा महिला सभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी से भी हटा दिया है। विधायक भाजपा की सदस्यता लेने के लिए अपनी पत्नी रीना सुभाष पासी के साथ ही मंच पर पहुंचे थे और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विधायक समेत उनकी पत्नी को भी पट्टिका पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया। बता दें कि अभी इसी पखवारे में 24 अक्टूबर को ही रीना सुभाष पासी को सपा नेतृत्व ने महिला सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह देकर उनका कद बढ़ाया था। लेकिन अब उनके पति संग भाजपा में जाने पर सपा ने उनको दिए हुए पद से उन्हें भी मुक्त कर दिया। इस बात की जानकारी सपा उत्तर प्रदेश ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके दी।
