सैदपुर : सिंचाई विभाग के काम के दौरान टूटा तो नगर पंचायत ने शुरू कराई बूढ़ेनाथ महादेव घाट की मरम्मत, श्रद्धालुओं को मिलेगी सहूलियत

सैदपुर। नगर के अतिप्राचीन बूढ़ेनाथ महादेव घाट की बदहाल स्थिति को देखते हुए नगर पंचायत ने उसकी मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया है। घाट पर टूटे पड़े पत्थरों को दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि स्नानार्थियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो और घाट को फिर से सुरक्षित बनाया जा सके। गौरतलब है कि बीते दिनों घाट के किनारे सिंचाई विभाग की ओर से कटानरोधी बोल्डर लगाए गए थे। इस दौरान विभाग की विशालकाय मशीनें घाट से होकर गुजरी थीं। स्थानीय स्तर पर उन्हें रोकने के बावजूद मशीनों के आवागमन के कारण घाट पर पहले से लगे बड़े-बड़े पत्थर टूट गए थे। इससे घाट का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वहां स्नान करना तथा आवागमन करना जोखिम भरा हो गया था। इस समस्या को लेकर लोगों में नाराजगी भी थी। छठ पर्व से पूर्व घाटों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल ने बूढ़ेनाथ महादेव घाट की स्थिति देखी थी। उन्होंने क्षतिग्रस्त घाट की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया था। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर की ओर से मरम्मत कार्य शुरू कराया गया है। चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष सोनकर ने बताया कि टूटे घाट की मरम्मत कराई जा रही है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और स्नानार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो। क्षतिग्रस्त पत्थरों को ठीक कराकर घाट को सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

