नंदगंज : भरे बाजार में सर्राफा दुकान से 3 महिला ठगों ने महिला ग्राहक के बैग से गायब किया 2 लाख रूपए का मंगलसूत्र, हड़कंप


नंदगंज। स्थानीय बाजार स्थित न्यू पीएचसी के पास बुधवार की देर शाम 3 महिला ठगों ने आभूषण की दुकान से महिला ग्राहक के बैग से 2 लाख रूपए कीमत के सोने के मंगलसूत्र को गायब कर दिया और खुद भी गायब हो गईं। घटना के बाद जब पीड़िता ने कीमत देने के लिए बैग खोला तो उसे पता चला। जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखा तो घटना का पता चला। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। क्षेत्र के सबुआ निवासिनी एक महिला बुधवार की देरशाम नंदगंज बाजार में आभूषण खरीदने आयी थी। वो बाजार के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित एक सर्राफा की दुकान से आभूषण खरीद रही थी। उसी दौरान दुकान में तीन महिलाएं पहुंचीं और मौका देखकर उक्त महिला के बैग में रखे सोने के मंगलसूत्र को धीरे से निकालकर फरार हो गई। जब महिला ने सुनार को रूपए देने के लिए बैग खोला तो देखा कि उसका चेन पहले से ही खुला है। अंदर देखा तो मंगलसूत्र गायब मिला। जिसके बाद तो उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो वहां बैग से उक्त महिला ठग मंगलसूत्र निकालते हुए दिख रही थीं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस जांच में जुट गई है।