मरदह : नए मकान की शटरिंग खोलने के दौरान करंट से मजदूर की मौत, इकलौते कमासुत की मौत से मचा कोहराम


मरदह। थानाक्षेत्र के बहरामपुर में निर्माणाधीन मकान की शटरिंग खोलते समय छत के पास से गुजर रहे एलटी तार के करंट से मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बहरामपुर निवासी जोखू प्रजापति के निर्माणाधीन मकान की शुक्रवार को शटरिंग खोली जा रही थी। जिसके लिए अपने 3 साथियों के साथ दुल्लहपुर के राजगीरपुर मियनां निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र चौहान जुटा हुआ था। इस बीच वहां छत से गुजर रहे तार के करंट की चपेट में सुरेंद्र इस वजह से आ गया, क्योंकि वो छत से रिसकर नीचे आ रहे पानी को रोकने के लिए छत पर चला गया था। वहां करंट की जद में आकर उसकी मौत हो गई। जब वो काफी देर तक नीचे नहीं आया तो उसके साथी उपर गए तो देखा कि वहां वो गिरा पड़ा है। जिसके बाद हड़कंप मच गया। तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमासुत था, जिसके बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। वो अपने पीछे पत्नी शीला समेत 3 पुत्रियां व एक पुत्र छोड़ गया है।