सीमा पर तैनात जवान की पत्नी ने अपने सो रहे दो बेटों का सिर किया धड़ से अलग, दूसरे बेड पर लेकर बैठ गई सिर, मचा हड़कम्प
मरदह। थानाक्षेत्र के हमीरपुर बिजौरा गाँव में एक कलयुगी मां ने अपने दो बेटों का नींद में ही सिर धड़ से अलग कर दिया। वहीं एक बेटी बाल बाल बच गयी। घटना के बाद सुबह पता चलने पर हड़कम्प मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं महिला को गिरफ्तार कर लिया। हमीरपुर बिजौरा निवासी अजीत यादव सेना में है और जम्मू में तैनात है। उसकी पत्नी नीतू अपने 6 साल के पुत्र हैप्पी, 10 माह के पुत्र हार्दिक व 9 साल की बेटी परी के साथ घर पर रहती थी। उसका देवर अमित भी घर पर ही रहता है। घर में सब कुछ ठीक था। लेकिन नीतू की दिमागी स्थिति थोड़ी कमजोर थी। बीती रात सभी ने खाना खाया और सोने चले गए। इस बीच किसी समय नीतू उठी और दोनों बेटों का सिर धड़ से अलग कर दिया। एक बेटे का सिर उठाकर दूसरे बेड पर रख दिया। वहीं मौके से थोड़ी दूर सोने के कारण बेटी परी की जान बच गयी। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह हुई तो हड़कम्प मच गया। नीतू ने भागने का प्रयास नहीं किया बल्कि सभी को जाकर घटना के बारे में बताया। परिजनों ने बताया नीतू की दिमागी हालत ठीक नही थी। घटना के बाद से पूरे गाँव मे मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ससुर रामबचन यादव व सास राजमती देवी भी बदहवास पड़े हैं।