गहमर : तिलक से लौट रहे बाइक सवारों की ट्रैक्टर से हुई भीषण टक्कर, युवक की मौत, साथी की हालत गंभीर, इकलौते बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम

गहमर। थानाक्षेत्र में एक तिलक समारोह से घर लौट रहे बाइक सवार दो युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। गहमर-ताड़ीघाट-बारा मुख्य मार्ग एनएच-124 सी पर कामाख्या धाम के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से जा भिड़ी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टमके लिए भेजा। सुहवल गांव निवासी 24 वर्षीय प्रियांशु गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता अपने मित्र 23 वर्षीय शुभम चौरसिया पुत्र मोती चौरसिया के साथ गहमर में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने आया था। समारोह से वापस घर लौटते समय कामाख्या धाम के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रियांशु गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मित्र शुभम चौरसिया घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक प्रियांशु अपने परिवार में दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसके पिता ओमप्रकाश गुप्ता सुहवल चट्टी पर मिठाई और समोसे की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस बाबत कोतवाल नंद कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

