अनौनी : भतीजी की शादी में शामिल होने मुंबई से आ रहे चाचा की सड़क हादसे में हुई मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां, परिजनों में कोहराम

अनौनी। भतीजी की शादी में शामिल होकर परिवार के बीच खुशियां बांटने की चाह लेकर मुंबई से गांव आ रहे चाचा की मंगलवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई। जिस घर में शादी की खुशियां मनाने की तैयारियां चल रही थीं, वहां चाचा की मौत की खबर पहुंचते ही खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं। हादसे की सूचना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिाय। मृतक के भाई वीरेंद्र यादव ने बताया कि टड़वा निवासी 45 वर्षीय जितेंद्र यादव मुंबई में कारोबार करते थे। उनकी भतीजी थी शादी थी। ऐसे में वो अपने परिवार के साथ भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए गांव आ रहे थे। मंगलवार को वो पीडीडीयू रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद घर पहुंचने के लिए उन्होंने ऑटो बुक कर आ रहे थे। इस बीच देररात करीब 11 बजे संभवतः चालक को झपकी आ गई, जिसके चलते चंदौली जिले में ही ऑटो रास्ते में खड़ी ट्रक में जा टकराई। भीषण टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मृतक की माता चिंता देवी, पत्नी सुनीता देवी, बड़ी बेटी वर्षा, छोटी बेटी रक्षा और बेटे बासु का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी बेटी वर्षा डॉक्टर बनने की तैयारी कर रही थी। पिता की मौत से परिवार का सहारा छिन गया और बच्चों के भविष्य पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं जिस भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए चाचा घर लौट रहे थे, उसी परिवार को उनकी अर्थी उठानी पड़ी। इस घटना ने शादी वाले घर की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया। इस बाबत खानपुर थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसा चंदौली जिले में हुआ है। वहां की पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

