सुहवल : तेज रफ्तार एंबुलेंस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों का बुरा हाल





सुहवल। थानाक्षेत्र के महादेवा पेट्रोल पंप के पास ताड़ीघाट-बारा हाईवे पर सोमवार की देर शाम तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल युवक को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी मंतोष राम (35) पुत्र मोहन राम के रूप में हुई है। छोटे भाई पंकज ने बताया कि मंतोष अपनी साली को युवराजपुर छोड़कर बाइक से अपने घर पकड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान महादेवा पेट्रोल पंप के पास गाजीपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन भाईयों में बीच के मृतक अपने पीछे पत्नी रीना सहित तीन बच्चों को छोड़ गया है। मौत के बाद मां कलावती सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाली एंबुलेंस और चालक की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< भांवरकोल : प्राथमिक स्कूल की रसोईया को सांप ने डंसा, मौत के बाद परिजनों का बुरा हाल
रेवतीपुर : गूगल पे व फोन पे पर ऐप का पुराना वर्जन होने का फर्जी मैसेज भेज साइबर ठगों ने पुलिसकर्मी के खाते से उड़ाए पौने 3 लाख रूपए, हड़कंप >>