अनौनी : पर्ण कुटी गौरी में 30 दिवसीय बाल भोग महायज्ञ का समापन, कार्तिक पूर्णिमा पर हुई पूर्णाहुति, सैकड़ों संतों और श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

अनौनी। गौरी स्थित पर्ण कुटी में आयोजित 30 दिवसीय बाल भोग महायज्ञ का कार्तिक पूर्णिमा पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच समापन हुआ। अनंत श्री विभूषित बाबा अमंगलहरी दास महाराज के पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरे महीने श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। महायज्ञ का शुभारंभ कार्तिक मास के प्रारंभ में श्रीरामचरितमानस पाठ, सीताराम नाम संकीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ था। 30 दिनों तक प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और संतों के सानिध्य में श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे। कार्तिक पूर्णिमा पर विधिवत पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर सैकड़ों संत-महात्माओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस महायज्ञ की परंपरा बड़े महाराज ने शुरू की थी। उनके गोलोकवासी होने के बाद भी उनके द्वारा स्थापित धार्मिक परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है। आयोजन को बाबा अरुण दास महाराज और बाबा भानु दास महाराज के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न कराया गया। वहीं बाबा अमंगलहरी दास का स्नेह और आशीर्वाद श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहा। संतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पर्ण कुटी का परिसर पूरे दिन भक्तिमय बना रहा। आयोजन के समापन पर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। महायज्ञ ने गुरु परंपरा, सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था के प्रति लोगों की श्रद्धा को एक बार फिर मजबूत किया।

