रेवतीपुर : गूगल पे व फोन पे पर ऐप का पुराना वर्जन होने का फर्जी मैसेज भेज साइबर ठगों ने पुलिसकर्मी के खाते से उड़ाए पौने 3 लाख रूपए, हड़कंप

रेवतीपुर। साइबर ठगों ने ऐप अपडेट करने का फर्जी मैसेज भेजकर बंगाल पुलिस में तैनात एक पुलिसकर्मी के बैंक खाते से 2 लाख 75 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित साधोपुर उर्फ रामपुर गांव निवासी जितेंद्र कुमार राय हैं। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी होते ही उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। पीड़ित जितेंद्र कुमार राय ने बताया कि वह 18 नवंबर को छुट्टी लेकर घर आए थे। इस दौरान फोन पे और गूगल पे के माध्यम से भुगतान करने पर ऐप को बार-बार पुराना वर्जन होने का मैसेज फ्लैश हो रहा था और उसे अपडेट करने के लिए स्क्रीन पर बटन आ रहा था। भुगतान नहीं हो पाने के कारण वह काफी परेशान थे। जिसके चलते उन्होंने उसे अपडेट करने के लिए क्लिक किया और ऐसा करते ही उनके खाते से रूपए गायब हो गए। जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया तो उसमें जमा रकम गायब मिली। जांच करने पर पता चला कि खाते से कुल 2 लाख 75 हजार रुपये उड़ाए जा चुके हैं। ये देख उनके होश उड़ गए। जितेंद्र ने बताया कि संभवतः मैसेज पर क्लिक करने के दौरान ही साइबर ठगों ने उनके मोबाइल को हैक कर खाते से रकम निकाल ली। घटना की जानकारी होते ही वह घबरा गए और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दी। इसके बाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक धर्मदास सिद्धार्थ ने बताया कि एक लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी से संबंधित शिकायत जिला मुख्यालय स्थित साइबर सेल में की जाती है। इसी के तहत पीड़ित को जिला मुख्यालय भेजा गया है।

