भीमापार : 3 साल की मासूम बेटी संग दो दिनों से ससुराल के बाहर बैठी विवाहिता, ससुरालियों पर बाहर से ताला बंद कर अंदर न जाने देने का आरोप





भीमापार। सैदपुर थानाक्षेत्र के भीमापार गांव में एक विवाहिता अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी के साथ पिछले दो दिनों से ससुराल के घर के बाहर ठंड में रहने को मजबूर है। विवाहिता ने पति, सास और देवर पर कथित दहेज के लिए प्रताड़ित करने और घर में ताला बंद कर उसे प्रवेश नहीं देने का आरोप लगाया है। ऐसे में ठंड के मौसम में खुले आसमान के नीचे बेटी के साथ समय गुजार रही विवाहिता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। भीमापार गांव निवासी जगदंबा सोनी के पुत्र अनिल कुमार सोनी की शादी 25 जून 2019 को आजमगढ़ जिले के खरिहानी क्षेत्र के भोरिकपुर गांव निवासिनी पूजा सोनी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों की एक बेटी रोशनी का जन्म तीन फरवरी 2022 को हुआ। पूजा का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे। बताया कि पति, सास और देवर आए दिन उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करते थे। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसे मायके में रहना पड़ा। पूजा ने बताया कि दो दिन पहले वह अपनी तीन वर्षीय बेटी रोशनी के साथ ससुराल लौटी थी। उसे उम्मीद थी कि अब वह अपनी बेटी के साथ घर में रह सकेगी, लेकिन आरोप है कि पति, सास और देवर ने घर में ताला बंद कर दिया और उसे अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। इसके बाद से वह अपनी मासूम बेटी के साथ घर के बाहर ही बैठी हुई है। उसका कहना है कि कई बार घर के अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे प्रवेश नहीं दिया। विवाहिता के सामने सबसे बड़ी परेशानी अपनी छोटी बच्ची को ठंड से बचाने और उसके रहने की व्यवस्था करने की है। रात के समय तापमान गिरने के कारण खुले में बेटी के साथ रहना उसके लिए मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद उसे घर के बाहर ही समय गुजारना पड़ रहा है। पूजा ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने और अपनी बेटी के साथ ससुराल में रहने की व्यवस्था कराने की मांग की है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने बताया कि अभी तक यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया था। वहीं इस मामले में विवाहिता के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने अपने मायके के सम्बंधित थाने में हमारे खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें हम पर कार्रवाई भी हुई और अब मामला कोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में कोर्ट के आदेश या किसी निर्णय के बाद ही विवाहिता को अंदर आने देंगे। क्योंकि हमें डर है कि कल को ससुराल के अंदर आकर वो फिर से हम पर कोई गलत आरोप लगाकर फंसा न दे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : पर्ण कुटी गौरी में 30 दिवसीय बाल भोग महायज्ञ का समापन, कार्तिक पूर्णिमा पर हुई पूर्णाहुति, सैकड़ों संतों और श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
नंदगंज : घर में अकेली मौजूद मां-बेटी की चाकुओं से गोदकर हत्या, एसपी ने मुआयना कर हत्यारों की तलाश में गठित की टीमें, फॉरेंसिक टीम ने भी जुटाए सुराग >>