बिरनो : बकरी चराकर लौट रहे किसान की कार की टक्कर से मौत, हादसे में चार बकरियां भी मरीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम





बिरनो। थानाक्षेत्र के ढेबुआ चट्टी के पास देर शाम बकरी चराकर घर लौट रहे किसान की कार की टक्कर से मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अनियंत्रित कार सड़क से करीब दस फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद किसान शिवमुनि राम निवासी सिहावारी, बिरनो भी कार के बोनट पर उछलकर खाई में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। वहीं हादसे में चार बकरियां भी कार की चपेट में आकर मर गईं। कार चालक समेत दो सवार मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बिरनो-दुल्लहपुर मार्ग पर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर चक्काजाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के समय मौके पर मौजूद सिहावारी निवासिनी प्रियंका देवी ने बताया कि अंधेरा होने पर वह शिवमुनि के साथ बकरियों को हांककर सिहावारी गांव ले जा रही थीं। इसी दौरान दुल्लहपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी और शिवमुनि राम को लेकर गड्ढे में चली गई। हादसे में वह बाल-बाल बच गईं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टक्कर मारने वाली कार के चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गहमर : रेलवे स्टेशन के पास मिला वृद्ध का शव, ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका, शिनाख्त में जुटी पुलिस
अनौनी : राजकीय बालिका इंका में संविधान संवाद शिविर का हुआ आयोजन, छात्र-छात्राओं को संविधान, बाल अधिकार और पॉक्सो एक्ट की दी गई जानकारी >>