सैदपुर : जान देने की नीयत से गंगा पुल से कूदी बहनों में 1 की मौत, प्रेम प्रसंग में जान देने का सामने आ रहा मामला


सैदपुर। शुक्रवार को कॉलेज जाने के बहाने घर से निकलीं दो सगी चचेरी बहनें नगर के गंगा पुल से अपनी जान देने की नीयत से गंगा में कूद गईं। लेकिन मौके पर मौजूद मछुआरों ने जहां एक युवती की जान बचा ली, वहीं दूसरी की डूबकर मौत हो गयी। करीब डेढ़ घण्टे बाद उसका शव वहीं से बरामद हुआ। जिसके बाद बाद पुलिस लाश सहित जिंदा बची बहन को लेकर सीएचसी आयी। जहां से शुक्रवार की शाम को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं घायल को इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। चंदौली जिले के चहनियां स्थित मोलनापुर निवासिनी 18 वर्षीय सोनी यादव पुत्री रमेश यादव मां खण्डवारी महिला महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार की सुबह में वो कॉलेज जाने के लिए ड्रेस पहनकर निकली। उसने अपनी सगी चचेरी बहन 18 वर्षीय चंचल यादव पुत्री सुरेश यादव को भी साथ ले लिया था। इस बीच दोनों बहनें किसी युवक के साथ गंगा पुल पर पहुंचीं। यहां न जाने क्या हुआ कि सोनी और चंचल ने बैग समेत गंगा नदी में छलांग लगा दी। ये देख वहां से गुजर रहे लोगों में हड़कम्प मच गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद वहां मौजूद उक्त युवक ने किसी तरह से युवतियों के घर सूचना भिजवाई। जिसके काफी देर बाद परिजन पहुंचे। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सैकड़ों फीट ऊंचाई से कूदने वाली चंचल के पीठ पर स्कूली बैग होने के चलते वो तुरन्त पानी की गहराई में नहीं जा सकी। जिसके चलते वहीं आसपास मौजूद मछुआरों ने वहां जाकर चंचल को तत्काल बाहर निकाला। लेकिन काफी ऊंचाई से कूदने के कारण उसे काफी चोट लगी थी और वो अचेत हो गयी थी। इसके बाद उसे सीएचसी लाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। बहरहाल, पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। घटना के करीब 3 घण्टे बीतने के बाद जाकर पिता अस्पताल आये। मृतका 4 भाई व 1 बहन में बीच की थी। इस बाबत चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय ने बताया कि घटना की वजह का पता लगाया जा रहा है। वहीं मृतका के पिता अस्पताल में बेटी की हरकत से आहत व गुस्सा होकर ये बता रहे थे कि कुछ दिनों पूर्व उससे मोबाइल भी छीन लिया गया था।


