गाजीपुर : सपा ने आधा चित्र बनाकर संविधान निर्माता से की अखिलेश यादव की तुलना, भाजपा ने विरोध प्रदर्शन कर सपा व अखिलेश को बताया अंबेडकर विरोधी


गाजीपुर। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को लंका स्थित अंबेडकर पार्क में डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के सामने भाजपा अनुसूचित मोर्चा के नेतृत्व में सपा मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया। जहां सभी सपा के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां लिए हाथों पर काली पट्टी बांधकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कहा कि सपा लोहिया वाहिनी के बैनर पर अखिलेश यादव ने बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर का अपमान करते हुए उनके आधे चेहरे को काटकर अपना आधा चेहरा लगवाकर बैनर बनवाया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय सहित सभी ने अखिलेश यादव और सपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस कृत्य की भर्त्सना की। कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा बाबा साहब के चित्र के साथ किया गया यह घृणित कृत्य लोकतंत्र मे अक्षम्य है। सपा मुखिया द्वारा ऐसा करके खुद को भारत रत्न बोधिसत्व बाबा डॉ भीमराव अम्बेडकर के रूप में बताया गया है। ऐसा करना सिर्फ बाबा साहब का अपमान नहीं बल्कि देश की 140 करोड़ जनता और देश के संविधान निर्माता का अपमान है। कहा कि जन-जन की भावनाओं में आस्था से विद्यमान बाबा साहब के साथ किया गया यह दुर्व्यवहार बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने जिले के सांसद से सीधे सवाल करते हुए कहा कि इजरायल और बांग्लादेश पर बयान देने वालों के इस मामले में बयान का इंतजार पूरे जिले की जनता कर रही है। कहा कि बाबा साहब की प्रतिमाओं को खंडित करने का मामला अब तक सुना व पढ़ा तो गया था लेकिन आज देख भी लिया गया। कहा कि समाजवादी पार्टी के इस बैनर के पीछे का सच क्या है, इसे स्पष्ट किया जाए। कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अगले एक सप्ताह तक गांव-गांव जाकर इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। कहा कि हमें बाबा साहब से भावनात्मक लगाव है, हम उनके विचारधारा पर चलने वाले लोग हैं। उनका कोई भी अपमान करेगा जो भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता उसका जवाब देने के लिए तैयार है। राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत ने कहा कि समाजवादी पार्टी के बैनर पर अंकित यह चित्र सपा के कुत्सित मानसिकता का परिचायक है। कहा कि इस बैनर के माध्यम से बाबा साहब से अपनी बराबरी करने का घोर निंदनीय प्रयास किया गया है। कहा कि जो उनकी बराबरी तो दूर उनके पैरों की धूल के बराबर भी नहीं है। कहा कि ऐसे कृत्य का विरोध ही नहीं बल्कि देश की जनता को इस पार्टी का बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा के नेता कभी राणा सांगा तो कभी भारत रत्न बाबा साहब का अपमान कर रहे हैं, इस दलित विरोधी पार्टी का अंत निश्चित हो गया है। पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर के खिलाफ आचरण के लिए सपा व अखिलेश यादव को माफी मांगनी चाहिए। सपा द्वारा किया गया यह अपमान भाजपा कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगी। इस मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, बृजेन्द्र राय, भानुप्रताप सिंह, रामनरेश कुशवाहा, रामराज बनवासी, सुभाष राम, राजेश सोनकर, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, विनोद अग्रवाल, अखिलेश सिंह, श्यामराज तिवारी, डॉ प्रदीप पाठक, शशिकांत शर्मा, अच्छेलाल गुप्ता, रूद्रा पांडेय आदि रहे। संचालन महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया।