सैदपुर : कई दिनों से लावारिस घूम रही मूक-बधिर महिला, पुलिस ने आमजन से की अपील
सैदपुर। स्थानीय पुलिस को एक अज्ञात महिला लावारिस हाल में मिली। उक्त महिला मूक व बधिर दोनों है। जिसके चलते वो कुछ बता नहीं पा रही है। जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे थाने पहुंचाया। जब पुलिस ने महिला से पूछा तो वो कुछ बोल नहीं सकी और न ही कुछ सुन पा रही थी। पहनावे से वो काफी अच्छे घर की लग रही थी। उसके पास मौजूद झोले पर लवकुश वस्त्रालय, धर्मागतपुर, मलेठी, दुल्लहपुर लिखा था। जिससे ये लग रहा था कि संभवतः वो दुल्लहपुर के आसपास की रहने वाली हो। वहीं उसके झोले में कंबल, शॉल, कपड़े, कुछ लाई व गुड़ सहित भीगे कपड़े थे। जिसे देखकर लग रहा था कि संभवतः वो कुंभ नहाने या कहीं गंगा नहाने के लिए आई होगी और परिजनों से बिछड़ गई होगी। महिला पिछले 3-4 दिनों से भटक रही है। उसे नगर के ही एक व्यक्ति ने अपने घर में रखकर खाना आदि खिलाया, फिर पुलिस को सूचना दी। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने कहा कि अगर कोई पहचानता हो तो 9454403463 नंबर पर सूचना दे सकता है।