मरदह : खाना खाकर फोरलेन पर टहल रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत के बाद मचा कोहराम, कुछ ही घंटे में जाने वाला था गुजरात
मरदह। थानाक्षेत्र के डगराहा गांव में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने खाना खाने के बाद टहल रहे युवक को रौंद दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं वाहन मौके से फरार हो गया। डगराहा गांव निवासी 26 वर्षीय पिंटू चौहान पुत्र सुब्बा चौहान बीती रात खाना खाने के बाद टहल रहा था। वो घर से करीब 500 मीटर दूर फोरलेन पर चला गया था। उसी समय अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। जिसके चलते वो उछलकर डिवाइडर से टकरा गया और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। काफी देर तक जब वो घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे ढूंढते हुए पहुंचे तो वहां वो खून से लथपथ पड़ा था। जिसके बाद उसे लेकर फौरन अस्पताल ले गए। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बिलखते हुए बताया कि उनका बेटा बुधवार की सुबह ही कमाने के लिए गुजरात जाने वाला था। इसके लिए टिकट भी निकल गया था। अगर वो एक दिन पहले ही चला गया होता तो उसकी जान बच गई होती। घटना के बाद पिता ने थाने में तहरीर दी।