अनौनी : न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय हॉकी टीम में सैदपुर के उत्तम सिंह और अजीत यादव का हुआ चयन, लंबे अरसे बाद उत्तम की भारतीय टीम में हुई वापसी

अनौनी। हॉकी के क्षेत्र में गाजीपुर की पहचान लगातार मजबूत हो रही है। न्यूजीलैंड दौरे के लिए घोषित भारतीय सीनियर पुरुष हॉकी टीम में जिले के दो खिलाड़ियों उत्तम सिंह और अजीत यादव को जगह मिली है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से जनपद के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। खास बात यह है कि उत्तम सिंह ने लंबे अंतराल के बाद भारतीय सीनियर टीम में वापसी की है। अब वह एक बार फिर भारतीय जर्सी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना दम दिखाते नजर आएंगे। गाजीपुर की धरती से निकले ओलंपियन राजकुमार पाल और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विष्णुकांत सिंह पहले ही भारतीय हॉकी में अपनी पहचान बना चुके हैं। इसी कड़ी में उत्तम सिंह भी पूर्व में भारतीय सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। लंबे समय बाद उनकी टीम में वापसी को खेल प्रेमी बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं। वहीं अजीत यादव को भी राष्ट्रीय टीम में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। इन खिलाड़ियों की सफलता में करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। इस स्टेडियम में प्रशिक्षण लेकर कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। लगातार जिले के खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन होने से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को भी हॉकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है। दोनों खिलाड़ियों के चयन पर ध्रुव सिंह, दीपक सिंह, मनोज सिंह, अनिकेत सिंह, विपुल चौबे, इंद्रदेव राजभर, पूजा सिंह, अदालत यादव, अभिषेक पांडेय आदि ने खुशी जाहिर करते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

