सैदपुर : अलायचक के प्रधान पर कोटा आवंटन में धांधली का आरोप लगा दर्जनों महिलाओं ने तहसील में किया प्रदर्शन, दिया पत्रक


सैदपुर। क्षेत्र के अलायचक गांव निवासिनी दर्जनों महिलाओं ने गांव के प्रधान पर सरकार सस्ते गल्ले की दुकान के आवंटन प्रक्रिया में धांधली करने का आरोप लगाते हुए तहसील में प्रदर्शन किया और जॉइंट मजिस्ट्रेट को पत्रक सौंपा। इस दौरान शनिवार को तहसील में जय भीम स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष किरन देवी के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में नारेबाजी करते हुए पहुंची महिलाओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। इसके बाद सभागार में जॉइंट मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें स्पष्ट तौर पर गांव के प्रधान श्रवण यादव पर लिखित आरोप लगाया कि प्रधान फर्जी ढंग से चंदा देवी के स्वयं सहायता समूह को कोटा आवंटित कर रहे हैं। जबकि जय भीम स्वयं सहायता समूह में कुल 15 सदस्य हैं और मीरा बाई स्वयं सहायता समूह में 12 सदस्य हैं। बताया कि दोनों समूहों ने कोटे के लिए आवेदन किया है। इसके बाद ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें सक्षम अधिकारी ने ग्रामीणों के हस्ताक्षर कराए। जहां वरीयता के क्रम में जय भीम स्वयं सहायता समूह को सर्वसम्मति से कोटा आवंटित हुआ। लेकिन चर्चित प्रधान श्रवण यादव इसमें धांधली करते हुए अवैध तरीके से अपने चहेते स्वयं सहायता समूह मीरा बाई स्वयं सहायता समूह को कोटा आवंटित कर रहे हैं। बताया कि पिछली बार भी उन्होंने जिसे कोटा आवंटित कराया था, वो भी भ्रष्टाचार में लिप्त था और उसी भ्रष्टाचार के कारण उक्त कोटे को निरस्त करके ग्रामीणों को रावल से अटैच किया गया है। उन्होंने जॉइंट मजिस्ट्रेट को पत्रक देकर इसमें आवश्यक कार्यवाही की मांग की। वहीं उनके साथ आये शिवबचन राम ने भी प्रधान पर शौचालय योजना का रुपया लेने व आवास दिलाने के बदले में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। इस मौके पर सुनील कुमार, महेंद्र कुमार, अर्चना देवी, बबिता देवी, रीना देवी, नीतू देवी, सोनी देवी, शीला देवी, अमरी देवी, अनीता देवी, संगीता देवी, रीता देवी आदि रहे।
