सैदपुर : चौमुखनाथ धाम पर महिला की चेन काटती हुई रंगे हाथ धराई महिला, आंखों के सामने ही अपनी बहन को चेन देकर भगाया





सैदपुर। थानाक्षेत्र के धुआर्जुन स्थित चौमुखनाथ धाम पर महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर लगे दो दिवसीय मेले में एक महिला की चेन काटते हुए रंगे हाथ पकड़ी गई महिला उचक्की को स्थानीय लोगों ने धर दबोचा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। भितरी स्थित ताजपुर गांव निवासी प्रमोद यादव महाशिवरात्रि के दूसरे दिन दर्शन पूजन करने के लिए अपनी पत्नी के साथ मंदिर पर लगे मेले में आया था। इस बीच वहां भीड़ भाड़ का फायदा उठाकर उचक्कागिरी करने वाली महिला ने प्रमोद की पत्नी के गले से सोने की चेन को काट लिया। लेकिन उसे काटते ही महिला को पता चल गया और उसने उसका एक हाथ पकड़ लिया। इधर खुद को पकड़ी जाते ही महिला उचक्की ने उक्त चेन को वहीं खड़ी अपनी चचेरी बहन को थमा दिया और वो चेन पाते ही भीड़ में गायब हो गई। जिसके बाद प्रमोद ने शोर मचाकर भीड़ जुटाई और उचक्की से चेन के बाबत पूछा तो उसने कुछ नहीं बताया। जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से सोने की चेन तो नहीं लेकिन दूसरों से चोरी किए गए चांदी के कुछ आभूषण मिले। उसने अपना नाम रिंकू देवी पत्नी सुनील कुमार निवासिनी तुरना, नंदगंज और अपनी चचेरी बहन का नाम मंजू देवी पत्नी राजू बताया। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर महिला उचक्की रिंकू को जेल भेज दिया गया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मरदह : फैक्टरी में काम के दौरान पाइप के नीचे दबकर युवक की मौत, शव आने के बाद परिजनों में कोहराम
सैदपुर : भारतीय मानवाधिकार परिवार के जिला उपाध्यक्ष बने जयप्रकाश, हर्ष का माहौल >>