छत के रास्ते घुसकर चोरों ने किया लाखों के जेवर पार, रोकने पर फोड़ा गृह स्वामी का सिर





सैदपुर। थाना क्षेत्र के देवचंदपुर गांव निवासी ज्ञानचंद विश्वकर्मा के घर से बुधवार की रात चोर 80 हजार रुपये समेत करीब चार लाख रुपये के जेवर चुरा लिए। जाते में समय आहट पाकर ज्ञानचंद जगे और शोर मचाते हुए चोरों को दौड़ाया तो करीब आधा दर्जन चोरों ने मिलकर ज्ञानचंद और उनके भाई उदयचंद को मारपीटकर घायल कर दिया। मनबढ़ चोर इसके बाद बभनौली गांव निवासी संतोष कुमार के घर में छत के रास्ते घुसे लेकिन संतोष जगा था। उसने पूछा कौन तो चोरों ने घर में पड़े ईंट से मारकर संतोष को घायल कर दिया। इसके बाद भाग निकले। सूचना पर 100 नंबर की पुलिस पहुंची। खोजबीन में ज्ञानचंद के घर से एक किमी दूर गेहूं के खेत में चोरी गया चार बक्सा व एक बैग मिला जबकि दो अटैची का पता नहीं चल सका। गुरुवार की शाम दोनों पक्षों ने थाना में तहरीर दी। ज्ञानचंद विश्वकर्मा वेल्डिंग का काम करते हैं। रात में परिवार के लोग छत पर सोए थे। ज्ञानचंद व उनके भाई उदयचंद नीचे कमरे में सोए थे। रात में चोरों ने छत के रास्ते अंदर प्रवेश किया। उन्होंने कमरे की कुंडी खोलकर उसमें रखे आलमारी को खंगाला। इसके बाद चार बक्सा, एक बड़ा बैग व दो अटैची उठाकर लेकर जाने लगे। जाते समय आहट पाकर ज्ञानचंद जग गए और आवाज लगाते हुए उनका पीछा किया। आवाज सुनकर उदयचंद भी जगे गए और पीछे लग गए। चोरों ने मिलकर ईंट से मारकर ज्ञानचंद व उदयचंद को घायल कर दिया। इसके बाद सारा सामान लेकर भाग निकले। चोर 80 हजार रुपये नकदी के अलावा, छह सोने का चेन, दो मंगलसूत्र चार झुमका, दो अंगूठी दो नथिया व दो लौंग, चांदी का एक कमरबंद, एक हाथ में पहनने वाला आभूषण, एक बाल क्लिप दाे जोड़ी पायल आदि चोर ले गए। सुबह खेत में मिले बक्से व बैग से जेवर गायब थे केवल कपड़ा आदि बचा हुआ था। इसके बाद चोर एक किमी दूर स्थित बभनौली गांव निवासी संतोष कुमार के घर में छत के रास्ते घुसे। लघुशंका करने जगे संतोष की नजर उन पर पड़ गई। उसने आवाज लगाई तो चोरों ने ईंट से उसके सिर में मारकर घायल कर दिया। मनबढ़ चोरों द्वारा की गई चोरी और मारेपीटे जाने से ग्रामीणों में रोष है। इधर कोतवाल बलवान सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। छानबीन की जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< क्षत्रिय महासभा अब बढ़ाएगा अपना कुनबा, अभियान चलाकर 40 को बनाया सदस्य
महाष्टमी के दिन देवी मंदिरों में रही भारी भीड़ >>