आयुष्मान पखवाड़े का हुआ शुभारंभ, जागरूकता के संदेश के साथ दी जाएंगी सेवाएं, होंगे कई आयोजन





गोरखपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा। साथ ही इन योजनाओं से संबंधित सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। इस संबंध में शुक्रवार से आयुष्मान पखवाड़े की शुरूआत की गई है। यह अभियान 30 सितम्बर तक चलाया जाएगा, जिसमें विविध आयोजन भी किये जाएंगे। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा ने पत्र भेज कर इस संबंध में विस्तृत दिशा निर्देश दिये हैं। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आशुतोष कुमार दूबे ने दी। उन्होंने बताया कि योजना के नोडल अधिकारी डॉ अनिल सिंह, डीपीसी डॉ संचिता मल्ल, ग्रीवांस मैनेजर विनय और जिला स्तरीय टीम से शशांक इस पखवाड़े के संचालन में सहयोग कर रहे हैं। पखवाड़े के दौरान आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के कार्ड बनाए जाएंगे। आयुष्मान चौपाल और आयुष्मान सभा का आयोजन कर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से लोगों को योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। योजना में सूचीबद्ध करीब आधा दर्जन उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी और निजी अस्पतालों को सम्मानित भी किया जाएगा। साइकिल और मोटर साइकिल रैली निकालने के अलावा आयुष्मान भारत स्वास्थ्य जांच शिविर के भी आयोजन किये जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विभिन्न स्कूल में दोनों योजनाओं से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जनपद स्तर पर स्वास्थ्य दौड़ का आयोजन किया जाएगा और सोशल मीडिया अभियान भी चलाए जाएंगे। इस दौरान घर घर आयुष्मान, हर घर आयुष्मान, देश हो रहा आयुष्मान, आभा बनाओ, अपने स्वास्थ्य का रिकॉर्ड फोन पर पाओ जैसे स्लोगन को प्रचारित प्रसारित किया जाएगा। डॉ दूबे ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पोर्टल पर सूचीबद्ध लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाये जाते हैं। इस कार्ड के जरिये लाभार्थी देश के किसी भी सम्बद्ध निजी या सरकारी अस्पताल में भर्ती होकर इलाज प्राप्त कर सकता है। इसके तहत प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा भर्ती होने के बाद दी जाती है। वहीं, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत देश के प्रत्येक नागरिक की आभा आईडी बननी है। इस आईडी के जरिये लाभार्थी के स्वास्थ्य का रिकॉर्ड देश के किसी भी अस्पताल में देखा जा सकेगा और आपद परिस्थिति में केस हिस्ट्री के आधार पर समुचित उपचार किया जा सकेगा। डॉ दूबे ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में करीब 19.39 लाख लाभार्थी सूचीबद्ध हैं। इनके सापेक्ष करीब ग्यारह लाख आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं। योजना के अन्तर्गत जिले के करीब 2.48 लाख से अधिक लाभार्थी इलाज करवा चुके हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सादात : बापू महाविद्यालय में चला स्वच्छता अभियान, लोगों को किया गया जागरूक
गाजीपुर : शर्मा गुट के यूपी माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई भंग, 5 सदस्यीय तदर्थ समिति का हुआ गठन >>