गाजीपुर : जिले के दोबारा प्रभारी मंत्री बने रविंद्र जायसवाल ने की सदस्यता अभियान की समीक्षा, संगठन की गिनाई खूबियां





गाजीपुर। भाजपा द्वारा चलाए जा रहे अटल सदस्यता अभियान 2024 के प्रथम चरण की दूसरी समीक्षा बैठक गुरूवार को छावनी लाइन स्थित कार्यालय पर हुई। जिसमें जिले भर के सभी मंडलों के मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों से बारी-बारी सदस्यता अभियान के प्रगति की जानकारी ली गई। ज़िले के प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने संगठन सदस्यता समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता बनना मतलब देश सेवा के लिए काम करना, सनातन संस्कृति को समृद्ध और सुरक्षित तथा संरक्षित रखने के लिए काम करना होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का सदस्य बनना मतलब देश सेवा का संकल्प लेना, उन्होंने कहा कि बाकी पार्टियां राजनीति करती होंगी अपने विधायक और सांसद बनकर शासन करने के लिए, लेकिन भाजपा राजनीति करती है देश सेवा करने के लिए, भाजपा कार्यकर्ता अपना पैसा अपना समय लगाकर देश को परम वैभव पर स्थापित करने के लिए काम करता है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा भारत का दिल है, लेकिन भाजपा को छोड़कर सारे राजनीतिक दल इस पर चोट कर रहे हैं। जिला प्रभारी डॉ राकेश त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा जैसे सेवा समर्पित कार्यकर्ता किसी भी राजनैतिक दल में नहीं है, जो निःस्वार्थ सेवा के माध्यम से संगठन को सबसे बड़े संगठन होने का गौरव दिलाया है। सदस्यता व सेवा कार्य के प्रति उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को को सदस्यता अभियान का पहला चरण पूर्ण हो जाएगा। बचे दिनों में सभी कार्यकर्ताओं को स्वयं प्रेरणा से अपनी जिम्मेदारी निहित करके सदस्यता एवं सेवा कार्यों का लक्ष्य पूर्ण करना है। जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि 25 सितंबर को पं दीनदयाल उपाध्याय जयंती बूथ स्तर पर मनाते हुए हमें सदस्यता का कीर्तिमानी लक्ष्य हासिल करना है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा अंतर्गत 24 सितंबर से पहले सभी मंडलों मे एक विद्यालय व एक चिकित्सालय में सघन स्वच्छता अभियान निर्धारित है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 20 सितम्बर से बैजनाथ इंटर कालेज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन तथा उनके कृत्यों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसका 27 सितंबर को समापन होगा। कहा कि भाजपा गाजीपुर शीर्ष संगठन के सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूर्ण करता रहा है। इसके पूर्व रविन्द्र जायसवाल को दोबारा जिले का प्रभारी मंत्री बनने के बाद प्रथम जनपद आगमन पर जिलाध्यक्ष एवं सभी नेताओं ने स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र तथा पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इसके पश्चात सेवा पखवाड़ा में किए जा रहे स्वच्छता व अन्य सेवा कार्य के विषय में चर्चा हुई। इस मौके पर भानुप्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत, प्रो शोभनाथ यादव, पूर्व मंत्री विजय मिश्र, कालीचरण राजभर, शिवपूजन राम, पारसनाथ राय, जयप्रकाश गुप्ता, रामनरेश कुशवाहा, ओमप्रकाश राय, दयाशंकर पांडेय, श्यामराज तिवारी, शशिकान्त शर्मा, अखिलेश सिंह, विश्व प्रकाश अकेला, शैलेश राम, साधना राय, विनोद अग्रवाल, संकठा प्रसाद मिश्र, शनि चौरसिया, मयंक जायसवाल, सुशील सिंह, लालसा भारद्वाज आदि रहे। संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< पीजी कॉलेज में शोधार्थी ने प्रस्तुत किया बलिया पर अपना शोध, कहा - इसके अनुसार हुआ कार्य तो विकास में नया प्रतिमान बनाएगा बलिया
सादात : सुभासपा के प्रदेश महासचिव बनाए जाने के बाद पहली बार सादात पहुंचे धर्मदेव यादव, हुआ भव्य स्वागत >>