जुमलों वाली सरकार ने दो करोड़ नौकरियां तो दी नहीं, उल्टा छीन लीं उनकी नौकरियां - अफजाल अंसारी





देवकली। क्षेत्र के पियरी में सोमवार को बसपा के प्रत्याशी अफजाल अंसारी ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। कहा कि केन्द्र व प्रदेश में सत्तारुढ़ भाजपा सरकार ने अपने किये एक भी वायदों को पूरा नहीं किया। सिर्फ झूठ बोलकर और जुमलों के सहारे वो सत्ता पर काबिज हुए हैं। उन्होंने अपने चुनावी जुमलों में प्रति वर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वायदा किया था। उन्हें रोजगार तो दिया नहीं बल्कि उनके बचे खुचे रोजगार को भी छीन लिया। विदेशों में जमा काला धन लाकर लोगों के खातों में 15 लाख भेजने का वादा भी जुमला ही साबित हुआ। मोदी सरकार एक बड़ी साजिश के तहत देश से आरक्षण समाप्त करने और संविधान को बदलकर समाज के कमजोर दलितों व पिछड़ों के अधिकार छीनने का प्रयास कर रही है। अपील करते हुए कहा कि उनके नापाक इरादों को विफल करने के लिए 19 मई को आप सभी भारी संख्या में मतदान में शामिल हों और उन्हें सत्ता से बेदखल कर संविधान व देश को बचाने में अपना योगदान दें। पूर्व विधायक व उप्र कोआपरेटिव यूनियन के चेयरमैन उमाशंकर कुशवाहा ने कहा कि पहले की गलत व्यवस्था के अनुसार रानी के पेट से जन्म लेने वाला बच्चा राजा ही होता था लेकिन बाबा साहेब ने संविधान में यह व्यवस्था किया कि अब बैलेट पेपर से होने वाली चुनाव प्रक्रिया से राजा पैदा होगा। उन्होंने सभी को वोट देने का अधिकार देते हुए देश के संवैधानिक ढांचे को मजबूत किया। लेकिन भाजपा उस ढांचे को ही नष्ट करने पर तुली है। इस मौके पर पूर्व एमएलसी विजय यादव, छोटेलाल यादव, सईद खां, दिनेश सरकार, कमलेश यादव, सदानंद यादव, श्रीराम, कमला यादव, मिट्ठू प्रधान, अशोक यादव आदि मौजूद थे। अध्यक्षता राममूरत यादव व संचालन देवनाथ कुशवाहा ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< भगवान परशुराम जैसी आज्ञाकारी संतान परिवार में एक भी हो तो कल्याण निश्चित - पर्यटन मंत्री
माता जिउती देवी इंटर कालेज करा रहा 3 दिवसीय इंटरस्कूल रेस >>