पूरी दुनिया में गाजीपुर का रोशन हुआ नाम, नीदरलैंड में गाजीपुर के डॉ. विजयानंद चुने गए महासभा के वैश्विक अध्यक्ष





गाजीपुर। गाजीपुर के मूल निवासी व हिंदी के प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. विजयानन्द को वैश्विक हिंदी महासभा की अंतरराष्ट्रीय समिति का अध्यक्ष चुना गया है। उनके अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर साहित्यकारों ने बधाई दी है। बता दें कि नीदरलैंड के हिंदी यूनिवर्स फाउंडेशन के सभागार में डॉ. विश्वास दुबे की अध्यक्षता में दुनिया भर के सक्रिय हिंदी सेवियों द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय समिति का गठन किया गया। जिसमें डॉ. विजयानंद को अध्यक्ष चुने जाने के साथ ही नीदरलैंड के साहित्यकार प्रो पुष्पिता अवस्थी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. इंद्रदेव, भोला, इन्द्रनाथ, प्रो. संजीता वर्मा, व शशि महाजन को उपाध्यक्ष बनाया गया। उनके अलावा चीन के डॉ विवेकमणि त्रिपाठी को महामंत्री, पुर्तगाल के प्रो. शिवकुमार सिंह को संयुक्त मंत्री, इंडोनेशिया के डॉ. धर्मयश को संगठन मंत्री, फिजी के डॉ. भुवनदत्त, कजाकिस्तान के डॉ. दरीगा कोकऐवा, जापान के डॉ. विनोद पांडेय व ऑस्ट्रेलिया के विवेक उमराव को मंत्री चुना गया। ब्रिटेन की डॉ. कादंबरी मेहरा को सांस्कृतिक मंत्री, वहीं के अभिषेक त्रिपाठी को मीडिया मंत्री, जापान की रमा शर्मा को प्रचार मंत्री, सोवियत रूस की डॉ. ईरीना को कार्यक्रम समन्वय मंत्री व भारत के राकेश तिवारी कोषाध्यक्ष चुना गया। वैश्विक महामंत्री विवेकमणि त्रिपाठी ने कहा कि सर्वसम्मति से पारित इस प्रस्ताव के उपरांत सभी हिंदी सेवियों से अपेक्षा की गई कि वैश्विक स्तर पर हिंदी को स्थापित करने के लिए भारतीय तथा विदेशी भाषाओं के अनुवाद सेतु हेतु विभिन्न कार्यक्रमों, माह के हर अंतिम रविवार को रात 8ः30 बजे ऑनलाइन कार्यक्रम किए जायेंगे। साथ ही कार्यक्रमों एवं भाषाई समन्वय हेतु त्रैमासिक पत्रिका के प्रकाशन पर भी विचार किया जाएगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मतदाताओं को ‘जगाने’ को एसडीएम ने लगाई चौपाल, दिलाई शपथ
युवा कांग्रेस पूर्वी के प्रदेश सचिव बने विपुल विनायक, लोगों ने फोन कर दी बधाईयां >>