जानलेवा साबित हुआ प्रेम, शादी के बहाने बुलाकर युवक को जिंदा फूंका





एटा। प्रेम-प्रसंग के चलते घर से भागे युगल को शादी का झांसा देकर लड़की के परिवार वालों ने घर बुला लिया। इसके बाद लड़के को कमरे में बंधक बनाकर पिटाई की गई। आरोप है कि जान से मारने के लिए लड़की के घर वालों ने मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया। लेकिन पड़ोसियों की सतर्कता से जान बच गई। करीब 70 फीसदी झुलसे युवक को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी लड़की के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी फरार है। अलीगंज थाना क्षेत्र के गेवर असदुल्लापुर की लड़की का पास के दहलई गांव के एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग है। तीन दिन पहले प्रेमी युगल घर से भाग गए। जब यह बात लड़की के घर वालों को पता चली तो उन्होंने शादी कराने का झांसा देकर प्रेमी युगल को वापस घर बुला लिया। युवक जब प्रेमिका के घर पहुंचा तो उसे परिजनों ने कमरे में बंधक बनाकर पिटाई की। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से प्रेमिका के घर वालों ने मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया। घर से धुआं उठता देख पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने फोन कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने तक युवक गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसे अलीगंज अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बाद में डॉक्टरों ने सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पीड़ित युवक के पिता ने लड़की के पिता दयाराम और उसके भाइयों नरेश और उमेश के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी दयाराम और रामनरेश को गिरफ्तार कर लिया है। उमेश अभी फरार है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< ‘‘हुजूर! पायल गिरवी रख लो और मेरी बेटी की जान बचा लो,’’ मेडिकल कॉलेज में दिखी अमानवीयता
दहेज का मुकदमा वापस न लेने पर पत्नी को पुआल में जलाया तो सास को पेड़ पर लटकाया >>