सैदपुर : दवा लेने जा रही महिला को भोलेनगर में बुलेट ने मारी टक्कर, मौत के बाद मचा कोहराम, खुद को पुलिसकर्मी बता बाइक सवार हुआ लापता





सैदपुर। थानाक्षेत्र के भोलेनगर में तेज रफ्तार बाइक सवार ने फोरलेन पार कर रही अधेड़ महिला को टक्कर मार दी। जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसके बाद से ही उसका उपचार वाराणसी में चल रहा था लेकिन मंगलवार की शाम करीब 5 बजे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार की देरशाम ईनामीपुर निवासिनी 50 वर्षीय उषा यादव पत्नी स्व. विजयलाल यादव दवा लेने के लिए भोलेनगर चट्टी पर जा रहीं थीं। अभी वो भोलेनगर पहुंचकर सड़क पार कर ही रहीं थीं कि तभी गाजीपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बुलेट ने उषा को टक्कर मार दी। जिसके चलते उषा गंभीर रूप से घायल हो गईं। इधर घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बुलेट को पकड़ लिया, उस पर पुलिस लिखा हुआ था। इसके बाद घायल महिला को तत्काल सैदपुर सीएचसी भेजा। जहां से उन्हें गंभीर हाल में वाराणसी रेफर कर दिया गया। लेकिन मंगलवार की शाम को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक शव को लेकर सैदपुर आए। जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाबत मृतका के पुत्र अवधेश यादव ने पुलिस को बताया कि बुलेट चालक करीमुद्दीनपुर निवासी हृदय नारायण यादव है और वो बेहद लापरवाही से और काफी तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। जिसके चलते उसने मां को पीछे से टक्कर मार दिया था। लोगों में चर्चा है कि बाइक चालक पुलिसकर्मी है और वो एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। लोगों का कहना है कि उसने उषा के इलाज का वादा किया था और अपना परिचय व पता बताते हुए परिजनों को तत्काल इलाज के लिए 10 हजार रूपए भी दिए थे। लेकिन अब उसका मोबाइल बंद हो गया है। इस बाबत कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जमानियां : आगामी बाढ़ में नुकसान रोकने को डीएम ने कटानरोधी कार्यों का किया औचक निरीक्षण, ठेकेदार को नोटिस जारी करने का निर्देश
देवकली : पत्नी संग बाइक से ससुराल जा रहे अधेड़ को देवकली में तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, दोनों की हालत गंभीर >>