बिरनो : शादी कर ससुराल जा रही दुल्हन रास्ते से ही 3 बच्चों के बाप शादीशुदा प्रेमी संग हुई फरार, घंटों बाट जोहता रह गया दूल्हा





बिरनो। थानाक्षेत्र के इनवा तियरा गांव से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पर शादी के बाद विदा होकर ससुराल जा रही दुल्हन आधे रास्ते में ही कार से उतरकर अपने शादीशुदा प्रेमी व 3 बच्चों के पिता के साथ बाइक से फरार हो गई। जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस मामले में दुल्हन के पिता ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। हुआ ये कि बीते 3 जून की रात में भुड़कुड़ा के गोड़िहरा से बिरनो के ईनवा तियरां निवासी सुदामा राम के घर बारात आई थी। सभी बातों से अंजान दूल्हा व उसका पूरा परिवार पूरे रीति रिवाजों से पूरी रात शादी की सभी रस्में पूरी कर रहा था और सुबह होने पर दुल्हन को विदा कराकर कार से अपने घर के लिए लेकर चला। इधर दुल्हन से पहले से ही गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकरी दुल्हन के परिजनों को भी थी। इस बीच जब दुल्हन विदा होकर ससुराल के लिए चली तो रास्ते में एक बाइक सवार युवक आया और कार रोककर दूल्हे बृजेश कुमार से बोला कि दुल्हन की मां की तबीयत अचानक से खराब हो गई है। दुल्हन को साथ ले जाकर मां से मुलाकात कराकर अभी वापस आ रहा हूं। इसके बाद दुल्हन को अपनी बाइक पर बिठाया और वहां से फरार हो गया। जब काफी देर तक दुल्हन नहीं आई तो बृजेश उसे ढूंढते हुए अपनी ससुराल तक पहुंचा। इसके बाद वहां उसे पूरी बात का पता चला तो वो अवाक रह गया। उसे पता चल गया कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है। दूल्हे ने बताया कि उसके द्वारा करीब 2 लाख रूपए के गहने शादी में चढ़ाए गए थे, जिसे दुल्हन ने पहने थे और अब वो उन्हें लेकर फरार हो गई है। इधर घटना के बाद दुल्हन के पिता सुदामा राम ने थाने में गांव निवासी जितेंद्र चौहान के खिलाफ तहरीर दी है। बताया कि दुल्हन का प्रेमी शादीशुदा है और 3 बच्चों का पिता है। एसओ बालेंद्र यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बहरहाल, घटना की पूरे क्षेत्र में खूब चर्चा है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< नंदगंज : ज्वांइट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर बनी नाली को लेखपाल ने तोड़वाया तो प्रधान प्रतिनिधि ने लेखपाल के खिलाफ दी तहरीर, मामला निकला उल्टा
सिधौना : छपरा में कबूतर का अंडा खाने के चक्कर में सांप ने विवाहिता को डंसा, विवाहिता के साथ कबूतर की भी मौत, मचा कोहराम >>