जखनियां : चोरी ऊपर से सीनाजोरी, दबंगों ने पक्के रास्ते को बांस से किया बंद, बांस टूटने पर वृद्धा सहित उनकी पोतियों को नृशंसता से किया लहूलुहान





जखनियां। भुड़कुड़ा थानाक्षेत्र के गोड़िहरा में मनबढ़ों ने गांव में आने-जाने के लिए बनाए गए आरसीसी मार्ग पर बांस बल्ली लगाकर रास्ते को बंद कर दिया। इस बीच वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर से बांस टूट जाने पर दबंगों ने बांस-बल्ली तोड़ने का आरोप लगाते हुए दबंगों ने अपनी वृद्धा पड़ोसी 65 वर्षीय बेहफई देवी, उनकी पोती साधना व अंजनी पुत्री ओमप्रकाश त्यागी पर ईंट पत्थरों से जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाबत थाने में दबंगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पीड़िता बेहफई के पोते हंसदीप ने बताया कि गांव में आने-जाने के लिए पक्का रास्ता बनाया गया है। इस बीच गांव के दबंग किस्म के अरविंद, सुभाष, विजय, संगीता आदि ने बांस बल्ली लगाकर जबरदस्ती उक्त रास्ते को बंद कर दिया था। इस बीच वहां से गुजर रहे किसी ट्रैक्टर से लगकर बांस टूट गया था। हंसदीप ने बताया कि हमारे पास भी ट्रैक्टर होने के चलते दबंगों ने बांस तोड़ने का आरोप हम पर लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद मेरी दादी व बहनों को नृशंसता से ईंट पत्थरों से कूंचकर लहूलुहान कर दिया और फरार हो गए। घटना में बेहफई मृतप्राय हो गई। जिसके बाद परिजनों ने आनन फानन में उसे जखनियां स्थित निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। घटना के बाबत अरविंद, सुभाष, विजय व संगीता के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< देवकली : जीव व परमात्मा के बीच पुल का काम करता है संत, लोग श्रीराम को मानते हैं लेकिन श्री की नहीं मानते - बाल व्यास
मरदह : बकरियों को मच्छरों से बचाने के लिए सुलगाए धुएं से लगी आग, बकरियों को बचाने में वृद्धा गंभीर रूप से झुलसी >>