सिधौना : छपरा में कबूतर का अंडा खाने के चक्कर में सांप ने विवाहिता को डंसा, विवाहिता के साथ कबूतर की भी मौत, मचा कोहराम


खानपुर। थानाक्षेत्र के छपरा में कबूतर का अंडा खाने के चक्कर में सांप ने विवाहिता को डंस लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं उसने कबूतर को भी डंस लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव निवासिनी 27 वर्षीय आशु देवी पत्नी नीरज राम बीती रात खाना खाने के बाद अपने पति सहित दो बच्चों के साथ अपने कच्चे मकान में सो रही थी। उसके पास ही मौजूद खिड़कीनुमा आलमारी पर कबूतर ने अंडा दिया था। इस बीच भोर करीब 4 बजे एक जहरीला सांप कबूतर के अंडे की फिराक में खिड़की पर चढ़ा तो उसी समय कबूतर बचने के बिस्तर पर कूद गया। उसके पीछे सांप भी कूद गया और कबूतर को डंसने के बाद आशु को डंस लिया। जिसके चलते आशु की हालत बिगड़ी गई। जैसे ही वो बिस्तर से उठकर बाहर भागी, वो गिर गई। इधर सूचना पाकर मौके पर जिला पंचायत सदस्य रामखेलावन यादव सहित गांव के लोग जुट गए। उसे फौरन कुछ अस्पतालों व झाड़फूंक वालों के यहां ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उसकी मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका बेहद गरीब परिवार से थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं लोगों में चर्चा थी कि जब सांप ने आशु को डंसा तो वहीं पर उसका पति व उसके 2 मासूम बच्चे भी मौजूद थे। ऐसे में अगर वो उन लोगों को भी डंस लेता तो घटना और बड़ी हो जाती। बहरहाल, गांव में शोक का माहौल है।