दुर्भाग्य है कि आजादी के 70 सालों बाद भी विकासशील है देश, पार्टी ने विकसित भारत का लिया है संकल्प - मनोज सिन्हा





बिरनो। भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी व रेलराज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने शनिवार को जंगीपुर विधानसभा के बन्तरा, तियरा, गोपालपुर, चौबेपुर, पिपनार, कोड़री, बहलोलपुर, नखतपुर और बिजौरा गांवों में जनसंवाद किया। कहा कि आजादी के आज 70 वर्षों बाद भी सभी विधाओं और संपदाओं से परिपूर्ण होने के बावजूद हमारा देश अब भी विकासशील देशों की श्रेणी में है और ये दुर्भाग्य की बात है। भाजपा के सोच को स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी ने ये संकल्प लिया है कि जब हम 2047 में आजाद भारत की 100वीं वर्षगांठ मनाएं उस वक्त भारत विकासशील नहीं बल्कि विकसित देश कहलाए। कहा कि बीते 5 वर्षों में मोदी सरकार के विकास कार्यों से देश की आर्थिक स्थिति बेहद सुदृढ़ हुई है। साथ ही लोगों के जीवन स्तर में भी काफी सुधार हुआ है। देश के अंदर भौतिक संरचनाओं का आधार मजबूत हुआ है। आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि भारत इस कदर अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हुआ है जबकि अब तक हमें अपनी अधिकांश जरूरतों की पूर्ति के लिए दूसरे देशों पर निर्भर होना पड़ता था। कहा कि जल्द ही भारत दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि वो विपक्ष कम पाकिस्तान के समर्थक ज्यादा लगते हैं। वो भाजपा और मोदी को बदनाम करने के चक्कर में सेना को भी नीचा दिखाते हुए पाकिस्तान की भाषा बोलने से नहीं चूकते। ऐसे लोगों को भाजपा किसी भी कीमत पर देश से खिलवाड़ नहीं करने देगी। कहा कि देश के लिए इस तरह की दुर्भावना रखने वालों को भारत की राजनीति से हमेशा के लिए दूर कर देने का यही मौका है। कहा कि 2014 में आपका वोट लिया था तो उसे ब्याज के साथ वापस किया है। अबकी बार वोट मांग रहा हूं और वादा करता हूं इस बार उसे चक्रवृद्धि ब्याज संग वापस करूंगा। इस मौके पर रामनरेश कुशवाहा, रमेश सिंह पप्पू, प्रवीण सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, शशिकान्त शर्मा, संकठा मिश्रा, अभिमन्यु सिंह, रंजू शर्मा, साक्षी श्रीवास्तव, अवधेश राजभर, चतुर्भुज चौबे, लहजू चौबे, गोवर्धन बिंद, रामकृत, राजेश चौहान, जुगनू अंसारी आदि मौजूद थे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< न्यायालय के दरवाजे पर जाने से पहले ही मामलों को सुलझाना ही समझदारी - वरिष्ठ लिपिक
मृतकों के नाम से भी आवंटित हुआ शौचालय, प्रधान व सचिव पर ग्रामीणों ने लगाया सरकारी धन के गबन का आरोप >>