सैदपुर : चुनाव हारकर भी लोगों का दिल जीत रहे सुभाष पासी, विधायक अंकित भारती के घर से महज कुछ किमी दूर अधेड़ का मुंबई से विमान से भिजवाया शव





सैदपुर। सैदपुर के पूर्व विधायक सुभाष पासी चुनाव हारने के बाद भी न तो अपने क्षेत्र से कटे हैं और न ही गैर प्रांतों में रह रहे अपने क्षेत्रवासियों की मदद करने का जिम्मा छोड़ा है। जिसके चलते पूरे क्षेत्र में लोग फिर से उनकी चर्चा करने को विवश हैं। पूर्व विधायक ने मुंबई में रहकर काम करने वाले करंडा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के निधन के बाद उनके शव को हवाई जहाज से भिजवाया है। सैदपुर के वर्तमान सपा विधायक अंकित भारती के घर से महज 6 से 7 किमी दूर स्थित करंडा के खिदिरपुर गांव निवासी 53 वर्षीय राजेंद्र यादव पुत्र बीरबल यादव मुंबई के बोरीवली स्थित एक कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। इस बीच उनकी तबीयत बिगड़ गई तो उपचार के लिए उन्हें मुंबई में ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन आखिरकार इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन उनके शव को किसी तरह से पैतृक गांव लाने के लिए प्रयास करने लगे और कईयों से गुहार लगाई। आखिरकार एक व्यक्ति ने पूर्व विधायक सुभाष पासी तक बात पहुंचाई तो उन्होंने तत्काल शव को विमान से भिजवाने का इंतजाम किया। शव को विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट लाया गया। जहां से एंबुलेंस से उनके घर खिदिरपुर तक ले जाया गया। शव देखकर परिजन बिलख उठे लेकिन उस परिस्थिति में भी सुभाष पासी का आभार ज्ञापित कर रहे थे कि उनकी वजह से परिवार ने राजेंद्र का अंतिम दर्शन कर लिया। उनकी पत्नी संतरा देवी सहित 4 पुत्रियां व 2 पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल था। इधर शव चुनाव हार जाने के बावजूद लोगों के लिए हमेशा उपलब्ध रहने के सवाल पर पूर्व विधायक सुभाष पासी ने कहा कि वो भले ही चुनाव हार गए हों लेकिन पूर्वांचलवासी उनके दिल ही नहीं बल्कि दिमाग में भी बसते हैं। कहा कि लोगों की मदद के लिए वो हमेशा तैयार रहेंगे, चाहे कुर्सी हो या न हो। वहीं चुनाव हारने के बावजूद सुभाष पासी द्वारा इस तरह की मदद किए जाने पर पूरे क्षेत्र में उनकी फिर से चर्चा शुरू हो गई है। इसके अलावा अब तो उन लोगों के भी सुर बदल गए हैं, जो चुनाव में सुभाष पासी के खिलाफ थे। अब उन्हें भी सुभाष पासी की यूपी के सदन में सैदपुर के प्रतिनिधि के रूप में अनुपस्थिति खल रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : यूपी बोर्ड परीक्षा बीतने के कई माह बाद भी बची हुई कॉपियों को केंद्रों ने नहीं किया वापिस, सिटी इंटर कॉलेज ने दिया अंतिम मौका
बहरियाबाद : पुलिस की नाकामी कहें या बदमाशों का बुलंद हौसला, गैरजनपद की सीमा पर मौजूद पिकेट में नहीं थी पुलिस, बदमाशों ने युवक को मारपीट कर लूटा >>