सरकार बनाने या सांसद चुनने के लिए नहीं बल्कि देश के सम्मान व स्वाभिमान बचाने के लिए हम लड़ रहे 2019 का लोस चुनाव, तुलना कराकर मांगा वोट - मनोज सिन्हा





देवकली/नंदगंज। ’जन संवाद कार्यक्रम’ के तहत रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने बुधवार को नारी पंचदेवरा, पचारा, गरथौली, देवसिहां, किशोहरी, नैसारा आदि गांवों में जनता से सीधा संवाद किया और अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। नैसारा में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए मनोज सिन्हा ने कहा कि आज विचार करने की आवश्यकता है कि वोट का आधार क्या हो, विचार करने पर उत्तर अपने आप मिलेगा। नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व किसी पार्टी के पास नहीं है, विपक्षी भ्रम फैलाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। गाजीपुर का जिला अब पिछड़ा जिला नहीं रहा। भाजपा सरकार में देश की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। गरीबों का जीवन स्तर ऊपर उठा है। जिस देश की आर्थिक स्थिति जितनी मजबूत होती है वह देश उतना ही ताकतवर होता है। पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार ने देश की जनता को गुमराह करने का काम किया है। हमारी सरकार ने संसाधनों का विकास कर बेरोजगारी दूर करने का प्रयास किया है। अब आप सभी को यह निर्णय लेना है कि आप क्या चाहते हैं, ज्वलनशील गाजीपुर या गतिशील गाजीपुर? 2019 का लोकसभा चुनाव सिर्फ सांसद चुनने व सरकार बनाने का चुनाव नहीं है बल्कि ये चुनाव राष्ट्र के सम्मान व स्वाभिमान का चुनाव है। पुलवामा की घटना के बाद भारत ने एयर स्ट्राइक कर पूरे विश्व को दिखा दिया कि भारत बदल चुका है। इसके बावजूद देश में रहने वाले ही कुछ गद्दार लोग भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम का मखौल उड़ाकर उन्हें चुनौती दे रहे हैं। कहा कि वर्ष 2014 से 2019 तक का कार्यकाल देश के लिए स्वर्णिम काल है जिसमें केंद्र सरकार ने चतुर्मुखी विकास योजनाओं में निवेश को बढ़ाया है। हमने गाजीपुर की आवश्यकताओं को भी ईमानदारी से पूरा करने का प्रयास किया है। गाजीपुर से नई रेलगाड़ियों के संचालन के साथ साथ जिले की हर क्षेत्र मे भौतिक संरचना को मजबूत करने का प्रयास किया गया है और इस बदलाव को गाजीपुर की जनता महसूस कर रही है। कार्यक्रम के दौरान विजय यादव ने स्वागत गीत गाया। इस मौके पर मोती राम शास्त्री, शाहिद फाकरी, जयप्रकाश त्रिपाठी, इन्द्रजीत यादव, रविंद्र श्रीवास्तव, सन्तोष जायसवाल, रविन्द्र जायसवाल, अनिल जायसवाल, संकठा पाण्डेय, बच्चन पाण्डेय आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता प्रधान राणा प्रताप यादव तथा संचालन भानुप्रताप जायसवाल ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< दुःखद! घर पर अकेली थी विवाहिता और फिर..........???
दुकान में शार्ट सर्किट से 20 लाख का माल राख, घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकी फायर ब्रिगेड >>