7 चरण के साथ 2019 की बजी रणभेरी, चुनाव की तारीखों के साथ जानें कितने चरण में होगा किस राज्य का चुनाव





नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने लोकसभा और चार राज्यों आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए रविवार की शाम को प्रेस कान्फ्रेंस कर तारीखों का ऐलान कर दिया। इस बार लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होंगे। क्रमशः 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई और 19 मई को वोटिंग होगी। इसके बाद 23 मई को नतीजे आएंगे और तीन जून तक 17वीं लोकसभा का गठन हो जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि इस बार लोकसभा चुनाव में कुल 90 करोड़ वोटर होंगे। इनमें 8.4 करोड़ नए मतदाता शामिल हैं। कुल वोटर में से 99.3 के पास वोटर आईडी है। 1.5 करोड़ वोटर 18-19 साल की उम्र के हैं। लोकसभा चुनाव के लिए आज से देशभर में आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव आयुक्त ने बताया, पिछली बार 9 लाख मतदान केंद्र थे, इस बार उनकी संख्या 10 लाख होगी। लोकसभा चुनाव में किसी भी तरह की समस्या के लिए 1950 हेल्पलाइन नंबर होगा। सभी चुनाव अधिकारियों की गाड़ी में जीपीएस होगा। मोबाइल पर ऐप के जरिए भी आयोग को आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी दी जा सकती है और 100 मिनट के भीतर हमारे अधिकारी को इस पर एक्शन लेना ही होगा। शिकायतकर्ता की निजता का ख्याल रखा जाएगा। अरोड़ा ने बताया, अगर प्रत्याशी अगर फॉर्म 26 में सभी जानकारियां नहीं भरता तो उसका नामांकन रद्द हो जाएगा। साथ ही बिना पैनकार्ड वाले उम्मीदवारों का नामांकन रद्द होगा। बताया कि कुछ राज्यों के चुनाव कम चरणों में खत्म हो जाएंगे तो बड़े राज्यों में सभी 7 चरणों में चुनाव होंगे। जिसमें पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल, केरल, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, पंजाब, सिक्किम, तेलंगाना, तमिलनाडु, उत्तराखंड, अंडमान-निकोबार, दादरा नगर हवेली, दमन एंड दीव, लक्षद्वीप, दिल्ली, पुडुचेरी व चंडीगढ़ के चुनाव सम्पन्न हो जाएंगे। कर्नाटक, मणिपुर, राजस्थान व त्रिपुरा में दो चरण में चुनाव सम्पन्न होंगे। असम व छत्तीसगढ़ में चुनाव 3 चरणों तक चलेंगे। वहीं झारखंड, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र व ओडिशा के चुनाव चार चरण में खत्म होंगे। जम्मू कश्मीर में चुनाव 5 चरण तक चलेंगे तो उत्तर प्रदेश, बिहार व पश्चिम बंगाल में चुनाव 7 चरणों में खत्म होंगे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< खत्म हुआ माशिसं का मूल्यांकन बहिष्कार, उपमुख्यमंत्री से मिला चेतनारायण गुट
16.14 लाख के दो अन्य विकास कार्यों को चेयरमैन सरिता अग्रवाल ने किया जनता को समर्पित >>