उधर गंगा में समा गया था स्वास्तिक और इधर गांव में ढूंढ रहे थे परिजन, शव मिलने पर रो पड़ा गांव





करण्डा। थाना क्षेत्र के बेलासी गांव में गुरूवार की शाम को गंगा नदी में नहाते समय किशोर डूब गया। अगले दिन शुक्रवार की सुबह शव चोचकपुर स्थित मौनी बाबा धाम पर उतराया मिलने पर लोगों को उसके डूबने का पता चला। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों समेत पूरे गांव में कोहराम मच गया। बेलासी की पुष्पा की शादी सैदपुर के विक्रमपुर निवासी दिनेश गोंड के साथ हुई थी जिसके बाद उसे दो पुत्रियां व एक पुत्र स्वास्तिक उर्फ सुजल भी हुआ था। लेकिन विवाह के बाद ससुराल में अनबन के कारण पुष्पा अपने बच्चों को लेकर मायके में ही रह रही थी। शुक्रवार को गांव में ही किसी की मौत होने के बाद उसकी अंत्येष्टि में शामिल होने गया सुजल गंगा नदी में नहा रहा था। करीब साढ़े 3 बजे नहाते नहाते वो गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हैरत की बात ये है कि किसी को उसके डूबने की खबर नहीं लगी। इसके बाद शाम को जब परिजन उसे खोजने लगे तो वो नहीं मिला। परिजनों ने हर संभावित स्थान पर उसकी तलाश की। अगले दिन मौनी बाबा धाम पर लोग नहाने पहुंचे तो वहां एक शव उतराया हुआ था जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी गांव में दी। जानकारी मिलते ही डरते सहमते परिजन वहां पहुंचे तो अपने घर के इकलौते चिराग को देखकर हर कोई दहाड़े मारकर रोने लगा। इसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं किशोर की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। उसकी बहने भी बिलख रही थीं। करंडा एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जानवर को बचाने में पलटी बाइक, महिला जख्मी
गर्मियों की बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने किया जागरूक >>