इतनी अनियमितता कि बिना सुविधाओं वाले स्कूलों को बना दिया इंग्लिश मीडियम, सौतेलेपन का एहसास कर रहे सुविधा सम्पन्न विद्यालय



बिंदेश्वरी सिंह



खानपुर। क्षेत्र के गौरी में स्थित प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय को आधी अधूरी सुविधाओं के बावजूद उच्चीकृत कर उसे अंग्रेजी माध्यम बना दिया गया। इस आधी अधूरी व्यवस्था के बावजूद अंग्रेजी माध्यम कर दिए जाने पर गांव के लोगों में प्रसन्नता है वहीं इस विद्यालय से ज्यादा सुविधा सम्पन्न व अधिक बच्चों की संख्या वाले अन्य गांवों के स्कूल अपनी उपेक्षा पर हैरत में हैं। गौरी के इस विद्यालय पर बच्चों की कुल संख्या महज 81 है और कुल 3 कमरों में ही पूरा प्रावि चलता है। इससे भी हैरत की बात है कि यहां दो प्रधानाध्यापक संजीव सिंह व शिवपाल सिंह के अलावा एक शिक्षामित्र मीना कुमारी तैनात हैं। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कुल 43 बच्चे पंजीकृत हैं। वहां एक प्रअ सत्यनारायण के अलावा अंकुर सिंह व प्रियंका देवी तैनात हैं। विद्यालय की चहारदीवारी भी नहीं है और ये पगडंडी से जुड़ा है। इस विद्यालय के अंग्रेजी माध्यम होने के बाद प्रधान रमाशंकर सिंह ने कहा कि अब बच्चों को कान्वेंट स्कूलों जैसी सुविधा यहीं मिलने से पूरे क्षेत्र का विकास होगा। वहीं गौरी निवासी रणविजय चौबे ने कहा कि सुविधा सम्पन्न स्कूलों की अनदेखी कर मूलभूत सुविधाओं के अभाव वाले इस विद्यालय को उच्चीकृत करना सवर्था अनुचित है। कहा कि पहले यहां पर कार्यालय के अलावा फर्नीचर, समुचित कमरे, पंखा, बिजली बल्ब आदि सुविधाओ ंको देने की आवश्यकता थी। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय का भवन भी जर्जर है। पहले उसमें सुधार आवश्यक है। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि क्रमवार विद्यालयों को अंग्रेजीकृत किया जा रहा है। धीरे धीरे क्षेत्र के सभी विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से पठन पाठन शुरू हो जाएगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< पूर्व संपादक व राष्ट्रकवि को जयंती पर किया गया याद
शट डाउन लेकर पोल पर चढ़ा था निजी लाइनमैन और तभी अचानक आ गया करंट और फिर..... >>