जिन्होंने दंगा कर सिखों की हत्या की उन्हें दिया गया सीएम पद का इनाम, देश की सुरक्षा से हमेशा खिलवाड़ करती है कांग्रेस - पीएम मोदी





गुरदासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पंजाब के दौरे पर आए। उन्होंने गुरदासपुर से भाजपा के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की। चुनावी साल की पहली रैली में मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि इन लोगों का इतिहास राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने का रहा है। इन लोगों ने दंगों के आरोपियों को सीएम पद का पुरस्कार दिया। 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि एक परिवार के इशारे पर आरोपियों को ‘सज्जन’ बताकर फाइलें दबा दी गई थीं। कांग्रेस ने पहले देश को गरीबी हटाओ के नारे पर ठगा था, अब कर्ज माफी के नाम पर ठग रही है। पीएम मोदी ने कहा, “नए भारत के निर्माण के लिए एक और वर्ष की शुरुआत पंजाब से कर रहा हूं। यहां से न्यू इंडिया के संकल्प का संचार होगा। गुरुनानक की 550वीं जयंती आने वाली है। उनके ध्येय वाक्य कीर्ति करो-नाम जपो को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। हमने करोड़ों सिख भाइयों की आस्था को देखते हुए करतारपुर कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया।“ प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- जिनका इतिहास हजारों सिख भाई-बहनों की बेरहमी से हत्या का हो और जो आज भी दंगों के आरोपियों को मुख्यमंत्री पद का पुरस्कार दे रहे हैं, उन लोगों से पंजाब समेत देशवासियों को सतर्क रहने की जरूरत है। एक परिवार के इशारे पर जिन-जिन आरोपियों को “सज्जन’ बताकर फाइल दबा दी गई, एनडीए सरकार ने उनको बाहर निकाला। एसआईटी का गठन किया और परिणाम सबके सामने है। उन्होंने कहा कि पंजाब की स्थिति कुछ अलग नहीं है। यहां भी किसानों की आंख में धूल झोंककर कांग्रेस सत्ता में आ गई। कर्जमाफी का झूठा वादा कर वोट हासिल कर लिया। कांग्रेस के लोगों ने संसद में खुद ही मान लिया है कि उन्होंने 1.5 साल में सिर्फ 3400 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया। जिन गरीब किसानों ने कर्ज लिया था, उन्हें तो इसका लाभ ही नहीं मिला। मोदी ने कहा, “पंजाब में रावी की धारा बहती थी, लेकिन किसान बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते थे। पानी के लिए किसानों को बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। जैसे कांग्रेस ने देश को गरीबी हटाओ के नारे के साथ ठगा था, उसी तरह वह अब देश को कर्जमाफी के नाम पर ठग रही है।“ इससे पहले मोदी ने जालंधर में उन्होंने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 106वीं इंडियन साइंस कांग्रेस का उद्घाटन किया। मोदी ने कहा, “भारत का विज्ञान लोगों और जनता से जुड़ा है। जय जवान, जय किसान के बाद जय विज्ञान इसमें जुड़ा। मैं इसमें जय अनुसंधान भी जोड़ता हूं। हमारी सरकार ने अटल इनोवेशन मिशन की शुरुआत की। हमारे देश में ऐसे किसानों की संख्या बहुत ज्यादा है, जिनके पास दो हैक्टेयर से कम भूमि है। उन्हें ऐसी तकनीकी की जरूरत है, जिससे वे कम मेहनत से ज्यादा लाभ कमा सके। तमाम टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल खेती में कैसे हो, इसपर हमें विचार करना है।’



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< एनसीसी कैडेट समेत मां की हत्या, बोरे में लाश ले जाने के दौरान जागे लोगों ने मचाया शोर तो.......
शहीद सिपाही पर पत्थरबाजी का मुख्य आरोपी करेगा सरेंडर >>