तो 100 दिनों में भाजपा गठबंधन से अलग होंगे ओमप्रकाश......





वाराणसी। यूपी में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर बगावती तेवर दिखाए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार को 100 दिनों का अल्टीमेट देते हुए कहा कि, यदि यूपी में ओबीसी के 27 फीसदी आरक्षण में बंटवारा नहीं होता है तो वह एनडीए गठबंधन से बाहर हो जाएंगे। राजभर ने बुलंदशहर की घटना में सीधे-सीधे भाजपा का हाथ होने का भी आरोप लगाया है। कहा कि, उत्तर प्रदेश में अभी तो गाय पर टैक्स लिया जा रहा है, आगे कुत्तों पर भी टैक्स लिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि, सरकार के पास अब मात्र 100 दिन हैं। वादा किया गया था कि, पिछड़ी जाति का आरक्षण लागू किया जाएगा। यह वादा कोई और नहीं बल्कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया था। कहा था, चुनाव से 6 महीना पहले इसे लागू कर देंगे। अब हम मंडलवार कार्यक्रम शुरु करने जा रहे हैं। अगर चुनाव तक मेरी मांगों को पूरा नहीं किया जा सकता है, तो हम भाजपा के साथ नहीं रहेंगे। बुलंदशहर, गाजीपुर और जेलों से हो रहे अपराध की घटनाओं को लेकर कैबिनेट मंत्री ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बुलंदशहर की घटना में भाजपा के लोग ही शामिल थे, जो आरोपी पकड़ा गया है। उसे कौन संरक्षण देता था? यह सब जानते हैं। मेरी मानिए तो उत्तर प्रदेश में कुछ अधिकारी और कर्मचारी व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। मैं भी समय-समय पर जेल जाता रहता हूं और वहां देखता हूं कि वहां का सिस्टम अलग ही है। जहां तक कानून व्यवस्था की बात है तो कानून-व्यवस्था फिलहाल लचर है। ओमप्रकाश ने कहा कि, मैंने कहा था कि मंदिर नहीं बनेगा। भाजपा कांग्रेस को दोष देती है तो कांग्रेस भाजपा को। लेकिन देश में नौजवानों को रोजगार कैसे मिले, शिक्षित कैसे किया जाए, इस पर बात नहीं होती है। भाजपा ने नारा दिया था सबका साथ सबका विकास, लेकिन पिछड़ी जाति का विभाजन ना करके अपने नारे को ही सरकार सार्थक नहीं बना रही है। किसी भी सांसद और विधायक की जुबान इस मामले को लेकर नहीं खुल रही है। शराब और अन्य चीजों पर टैक्स बढ़ाकर गौशाला बनाए जाने पर राजभर ने कहा कि गाय पर ही क्या? यहां तो कुत्ते और बैल पर भी टैक्स लगा दिए जाएंगे। पेट्रोल और डीजल पर जीएसटी क्यों नहीं लगाते हैं, उसका दाम आधा हो जाएगा। पेट्रोल और डीजल पर इसलिए टैक्स नहीं लगाया जाता क्योंकि, टाटा, बिड़ला, अंबानी जैसे लोग उसके कारोबारी हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< त्राल में सेना का बेहतरीन प्रदर्शन, 3 आतंकियों को उतारा मौत के घाट
अपनी कमाई का एक हिस्सा गरीबों व लाचारों को दान कर समृद्ध वर्ग ला सकता है प्रदेश में रामराज्य - मुख्यमंत्री योगी >>