‘‘2019 चुनाव में राहुल या सोनिया में से कोई एक ही पहुंचेगा संसद’’





गहमर। भाजपा जमानियां विधानसभा के सभी चारों मंडलों की बूथस्तरीय कार्यकर्ता बैठक गहमर स्थित विधायक सुनीता सिंह के आवास पर हुई। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि रेल व संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा तथा विधायक सुनीता सिंह ने श्यामाप्रसाद मुखर्जी व पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर बैठक का शुभारंभ किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये श्री सिन्हा ने कहा कि भाजपा गरीबों तथा देश के विकास के लिये समर्पित पार्टी है। पिछले साढे़ चार वर्षों में मोदी सरकार द्वारा 2.5 करोड़ गरीब परिवारों का आवास बन चुका है, लगभग 33 करोड़ से ज्यादा लोगों का बैंक खाता खोला जा चुका है, 6 करोड़ गैस कनेक्शन वितरित किया गया, 95 प्रतिशत घरों तक बिजली पहुंचाई गई। 50 करोड़ लोगों के लिए 5 लाख तक निःशुल्क इलाज की व्यवस्था तथा लाभ आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा राफेल मुद्दे पर बेबुनियाद आरोप लगाया गया जिस पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा कहा गया कि राफेल खरीद में सरकार द्वारा पूरे नियमों का पालन व पारदर्शिता बरती गयी है और आरोपों को खारिज कर दिया गया। विगत साढ़े चार साल के कार्यकाल में 102 एयरपोर्ट बन चुका है तथा मात्र 6 माह के अंदर इनकी संख्या 178 तक हो जायेगी। सेना के लिये ’वन रैंक वन पेंशन’ लागू करने का श्रेय मोदी सरकार को जाता है। नक्सलवाद व आतंकवाद आज अंतिम सांस ले रहा है आतंकवादी प्रतिदिन मारे जा रहे है। विपक्षी मजबूर सरकार चाहते हैं जबकि देश की जनता मजबूत सरकार चाहती है। यह पार्टी का चुनाव नहीं बल्कि नेतृत्व का चुनाव है। 2019 में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पुनः बनेगी। देश की जनता विकास व देश की सुरक्षा से समझौता नहीं करेगी। माँ बेटे मे से कोई एक ही लोकसभा पहुँचेगा। जो कार्य कांग्रेस सरकार के 70 वर्षों में नहीं हुआ उससे ज्यादा विकास कार्य भाजपा के सरकार में महज पौने पाँच वर्षों में हुआ तथा अंतर्राष्ट्रीय पटल पर देश का गौरव बढ़ा है। 2014 से 2019 तक सबसे तेजी विकसित होने वाला छठी अर्थव्यवस्था का देश भारत बन गया है। 2025 तक विश्व की तीन अर्थव्यवस्थाओं मे देश हो जाएगा। जब देश की अर्थ व्यवस्था मजबूत होती है तो लोगों की उम्मीदें बढ़ती हैं। गरीबों के विकास के लिये सरकार ठोस बुनियादी कार्य कर रही है। सामान्य वर्ग के गरीबों के लिये आर्थिक आधार पर शिक्षा व नौकरी में संवैधानिक रूप से 10 प्रतिशत का आरक्षण बिना किसी का हक मारे भाजपा द्वारा देश में लागू किया गया जो सामाजिक असमानता को दूर करेगा। इस मौके पर जमानियां विधायक सुनीता सिंह, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, सुनील सिंह, ओमप्रकाश राय, नरेन्द्र सिंह, बच्चन राय, परीक्षित सिंह, राजीव अरुण सिंह, रमाकांत सिंह, अनिल यादव, बृजनंदन सिंह, प्रेमसागर राजभर, विष्णु सिंह, पंकज राय, मिथिलेश सिंह, सच्चिदानन्द राय, श्रवण कुमार गुप्ता आदि रहे। संचालन रमाशंकर उपाध्याय ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< रफ्तार का कहर : ट्रक ने युवक को रौंदा, मौत
ऐसी भी क्या खुद से नफरत कि जब आया अविश्वास प्रस्ताव तो खुद के खिलाफ कर दिया मतदान >>