19 मई को तय करेगा गाजीपुर कि उन्हें मधुबन की शांति चाहिए या मरघट की शांति - मनोज सिन्हा





गाजीपुर। 7वें व अंतिम चरण का चुनाव प्रचार शुक्रवार को भारी भरकम प्रचार प्रसार के साथ ही थम गया। इस दौरान प्रचार के अंतिम दिन भाजपा नगर इकाई द्वारा केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा के नेतृत्व में शुक्रवार को भव्य रोड शो का भी आयोजन किया गया। रोड शो मिश्र बाजार से शुरू होकर, भट्ट काम्प्लेक्स से लालदरवाजा, महाजन टोली, गांधी पथ, चीतनाथ घाट, नखास के रास्ते नवाब साहब फाटक पर जाकर सभा मे परिवर्तित हो गया। इस दौरान रोड शो में हजारों की संख्या में लोग शामिल रहे। वहीं रोड शो के रास्ते में जगह जगह महिलाओं व पुरुषों द्वारा पुष्प वर्षा करने के साथ ही श्री सिन्हा का माल्यार्पण भी किया गया। श्री सिन्हा भी अपने चिर परिचित अंदाज में हाथ जोड़कर उनका अभिवादन करते हुए कार्यकर्ताओं के झुंड में पैदल ही चल रहे थे। शहर की संकरे सड़कों पर भगवा पगड़ी काफी दूर तक दिख रही थी वहीं लोग भारत माता की जय, जय भाजपा तय भाजपा, नरेन्द्र मोदी, मनोज सिन्हा जिन्दाबाद के गगन चुम्बी नारे भी लगा रहे थे। इसके बाद नवाब साहब फाटक पर सभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि पांच वर्ष सरकार में रहने के बावजूद नरेन्द्र मोदी सरकार के विरोध में कोई वातावरण नहीं है बल्कि एक बार फिर से आम जनता सरकार बनाने के लिए कृतसंकल्पित है। कहा कि पिछले पांच वर्षों में देश ने लम्बा रास्ता तय किया है। आज भारतीय होने का गर्व दुनिया के किसी भी कोने में भी जाने पर होता है। लोग हमारे देश का न सिर्फ नाम जानते हैं बल्कि सम्मान भी करते हैं। कहा कि ये चुनाव सिर्फ सरकार व सांसद बनाने का नहीं बल्कि ये भारत के सुरक्षा व सम्मान का चुनाव है। कहा कि 19 मई में अब सिर्फ दो दिन शेष हैं और उस दिन गाजीपुर के लोगों को तय करना है उन्हें मधुबन की शान्ति चाहिए कि मरघट की शान्ति चाहिए। इस मौके पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, पसमांदा समाज के कादिर राईनी, सराफा समाज के कैलाश नाथ वर्मा, व्यापार मंडल के विजय शंकर वर्मा, निर्गुण दास केशरी, सत्यदेव यादव, संतोष जायसवाल, प्रिंस अग्रवाल, सोमेश राय सभासद, रासबिहारी राय, शशिकांत शर्मा, सिद्धार्थ राय, सुमित तिवारी, माया सिंह, अनिल वर्मा, मोहन राठौर, अर्जुन सेठ, अजय कुशवाहा, लालसा भारद्वाज, अखिलेश सिंह, अखिलेश राय, सुरेशचंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल व संचालन अमित श्रीवास्तव ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< वीरेंद्र सिंह मस्त के समर्थन में एमएलसी चंचल ने घर घर जाकर मांगे वोट
राज्य की कानून व्यवस्था सरकार की जिम्मेदारी, ममता सरकार ने कराया था अमित शाह के काफिले पर हमला - जगदंबिका पाल >>