आया मानसून झूम के, 45 डिग्री से सीधे 26 डिग्री पहुंचा तापमान, लोगों के साथ किसान भी हुए खुश





सैदपुर। बीते 2 माह से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद आखिरकार शुक्रवार को मानसून ने प्रवेश कर ही लिया और नगर में शुक्रवार की रात से हो रही बारिश लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। जिसके चलते लोगों को न सिर्फ उमस भरी जानलेवा गर्मी से निजात मिली बल्कि किसानों के चेहरे भी खिल उठे। बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में पड़ रही 40 से 45 डिग्री तापमान की गर्मी भी काफी नीचे खिसककर सीधे 26 डिग्री पर आ गई। शुक्रवार की देररात नगर में बारिश शुरू हो गई। जिससे तापमान में अचानक कमी आ गई। हैरत की बात ये रही ये पहली बारिश भले ही रिमझिम हुई हो लेकिन लगातार 20 घंटों तक होती रही। देरशाम तक भी बारिश होती रही। बारिश के चलते सड़कों पर भीड़ भी कम हो गई। वहीं खेतों में बारिश की राह देख रहे किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। कईयों ने तो खेतों में रोपनी भी कर दी। वहीं कई स्थानों पर प्रशासन की पोल भी पहली बारिश ने खोल दी। नगर की कुछ सड़कों पर बारिश का पानी लग गया था। वहीं टूट चुकी जाम नालियों में पानी आने से उनमें से भयानक दुर्गंध भी उठने लगा। नगर की सड़कें पूरे दिन सूनी रहीं। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे कुछ लोग बारिश में भी भीगते हुए नजर आए। वहीं नगर के टाउन नेशनल मैदान में रोजाना क्रिकेट खेलने वाले बच्चे भी मैदान में जलजमाव के चलते खेल नहीं पाए।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर तार पर टूटकर गिरी डालियां, आपूर्ति बाधित
स्वच्छ भारत मिशन की सफलता देखने घर-घर पहुंची टीम, अब तक हुए कार्यों के हकीकत को देखा >>