सादात : पूर्व प्रधान व अन्य से चल रही पुरानी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट व फायरिंग, 24 घंटे बाद भी किसी ने नहीं दी तहरीर





सादात। थाना क्षेत्र के आतमपुर छपरा गांव में रविवार की देरशाम दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्ष के लोग घायल हो गए। वहीं फायरिंग की सूचना के बाद पुलिस हलकान हो गई। हालांकि पुलिस ने फायरिंग होने की घटना से इंकार किया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्ष के लोगों को पकड़ कर थाने ले आई। इस मामले में सोमवार को भी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। जिससे फायरिंग की सूचना को बल मिल रहा है। वहीं ग्रामीणों का भी कहना है कि फायरिंग हुई है। रविवार को दो पक्षों के बीच हुई घटना में शिकारपुर के पूर्व ग्राम प्रधान कृपाकर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर और हाथ में चोट लगी है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति घायल हो गया। बता दें कि पूर्व प्रधान कृपाकर यादव व आतमपुर छपरा के शोभा यादव के बीच किसी बात पर रंजिश चल रही थी। जिसमें एक बार फिर दोनों आमने सामने आ गए थे लेकिन लोगों के बीच में पड़ने से मामला शनिवार को थाने पर भी गया था, जिसमें पुलिस ने दोनों पक्ष को समझाने का प्रयास किया था। इस बीच रविवार की देरशाम को फिर से दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और पहले दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और फिर फायरिंग भी होने का मामला सामने आया। इस बाबत थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि दोनों पक्ष से पूछताछ की जा रही है। अब तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलेगी तो अवश्य कार्रवाई की जाएगी। वहीं फायरिंग की घटना को उन्होंने गलत बताया। कहा कि फायरिंग नहीं हुई है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : प्राइवेट एंबुलेंस से हाईवे पर रात में पिकअप चालक को लूटने वाला दूसरा बदमाश गिरफ्तार, गया जेल
सादात : 4 दिनों से हो रही छिटपुट बारिश से 100 साल पुराना विशालकाय बरगद दिव्यांग के मकान पर हुआ धराशायी, 3 घायल >>