जिला महिला अस्पताल में हुआ जनजागरूकता कार्यक्रम, दंपतियों को किया गया जागरूक





गोरखपुर। छोटा परिवार खुशहाली का आधार है। परिवार नियोजन हमारे शास्त्रों का भी अंग रहा है। रामचरितमानस में गोस्वामी तुलसीदास ने भी दो बच्चों के महत्व का वर्णन किया है। इसे अपनाने के लिए पसंद के साधन का चुनाव दंपति का अधिकार है। यह बातें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आशुतोष कुमार दूबे ने कहीं। वह विश्व गर्भनिरोधन दिवस पर जिला महिला अस्पताल में गुरूवार को हुए जनजागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ जय कुमार ने की। वक्ताओं ने जिले में न्यू कंट्रासेप्टिव अंतरा और छाया के प्रति बढ़ते रूझान के बारे में भी चर्चा की। पीएसआई इंडिया संस्था के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी परिवार कल्याण डॉ एके चौधरी भी उपस्थित रहे। डॉ दूबे ने बताया कि जिले में वर्ष 2017-18 तक सिर्फ जिला स्तर पर यह दोनों कंट्रासेप्टिव मिल पाती थीं। उस समय 603 महिलाओं ने त्रैमासिक अंतरा इंजेक्शन की सुविधा प्राप्त की थी। वहीं 746 लाभार्थी महिलाओं ने साप्ताहिक गोली छाया का इस्तेमाल किया था। सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर सेवा सृदृढीकरण, परामर्शदाताओं की संख्या में वृद्धि, साधनों के प्रति निरंतर जागरूकता और आशा कार्यकर्ता के प्रयासों से वर्ष 2023-24 तक त्रैमासिक अंतरा इंजेक्शन के लाभार्थियों की संख्या 45426 और साप्ताहिक गोली छाया के लाभार्थियों की संख्या करीब 1.25 लाख तक पहुंच चुकी है। इस वर्ष भी अगस्त माह तक 25867 महिलाएं त्रैमासिक अंतरा इंजेक्शन और 69980 महिलाएं साप्ताहिक गोली छाया की सेवाएं ले चुकी हैं। यह साधन अब सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर उपलब्ध हैं। इन सेवाओं को मजबूती प्रदान करने में सहयोगी संस्था उत्तर प्रदेश टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (यूपीटीएसयू) और शहरी क्षेत्र में पीएसआई इंडिया मदद कर रही हैं। जिला महिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ जय कुमार ने कहा कि अस्पताल में एक कक्ष परिवार नियोजन के परामर्श के लिए बनाया गया है। वहां प्रत्येक सुविधा सरकारी प्रावधानों के अनुसार प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन क्वालिटी मैनेजर डॉ कमलेश ने किया। परामर्शदाता ज्योति और पीएसआई इंडिया संस्था की प्रतिनिधि प्रियंका सिंह ने भी महिलाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि शादी हमेशा लड़की के बालिग होने के बाद ही की जानी चाहिए। शादी के बाद पहला बच्चा कम से कम दो साल बाद प्लान किया जाना जरूरी है। पहले और दूसरे बच्चे के बीच तीन साल का अंतर आवश्यक है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< पीएम मोदी के जन्मदिन सेवा पखवाड़े के तहत इंटर कॉलेज में होगी रंगोली, चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता
मोहम्मदाबाद : तेज रफ्तार टोटो की टक्कर से राहगीर की मौत, मचा कोहराम >>