सैदपुर : फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाने वाले जनसेवा केंद्र संचालक के खिलाफ ईओ ने दर्ज कराया मुकदमा


सैदपुर। बीते बुधवार को नगर स्थित सहज जन सेवा केंद्र से फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट बनाए जाने के मामले में पीड़ित की शिकायत पर सैदपुर नगर पंचायत द्वारा शनिवार को जन सेवा केंद्र संचालक के खिलाफ सैदपुर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया गया। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। सैदपुर नगर के वार्ड संख्या 12 निवासी नूरसबा को अपने 4 साल की बच्ची स्नेहा और 8 साल के बच्चे अरसलान का आधार कार्ड बनवाना था। जिसके लिए उसे बच्चों के बर्थ सर्टिफिकेट की जरूरत थी। उसके पड़ोस की एक महिला ने बताया कि सैदपुर स्थित जन सेवा केंद्र ए टू जेड स्मार्ट सॉल्यूशन पर बर्थ सर्टिफिकेट बनाया जाता है। जहां से मैं भी अपने बच्चों का बर्थ सर्टिफिकेट बनवाया है। इसके बाद नूरसबा दुकान संचालक नगर निवासी अजय गुप्ता के यहा पहुंची और अपने दोनों बच्चों का बर्थ सर्टिफिकेट 600 रुपये में बनवाया। जब महिला उक्त बर्थ सर्टिफिकेट लेकर सैदपुर मुख्य डाकघर पहुंची तो वहां के कर्मचारियों ने बताया कि दोनों बर्थ सर्टिफिकेट पर डेट ऑफ बर्थ एक समान है। इसे नगर पंचायत से सुधार कराकर ले आओ। सुधार के लिए जब महिला ने अपने बच्चों का बर्थ सर्टिफिकेट नगर पंचायत के कर्मचारियों को दिखाया, तो वह बर्थ सर्टिफिकेट फर्जी निकला। इसका कोई रिकॉर्ड नगर पंचायत में मौजूद नहीं मिला। इस पर सैदपुर कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज कुमार के साथ नगर पंचायत कर्मी महिला को लेकर जन सेवा केंद्र पहुंचे। तभी भनक लगते ही जनसेवा केन्द्र संचालक वहां से फरार हो गया। इसके बाद शनिवार को पीड़ित महिला द्वारा की गई शिकायत के आधार पर सैदपुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने उक्त जन सेवा केंद्र संचालक के खिलाफ सैदपुर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ के लिए जन सेवा केंद्र संचालक की तलाश की जा रही है।