सादात : विशेष सचिव ने जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर सादात ब्लाक में किया स्थलीय निरीक्षण


सैदपुर। शासन के निर्देशानुसार आकांक्षात्मक ब्लाक सादात में चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण करने शुक्रवार को सुबह लगभग साढ़े 10 बजे विशेष सचिव अपर आयुक्त (प्रशासन) चित्रलेखा सिंह सादात पहुँची। उन्होंने ब्लाक मुख्यालय, सीएचसी, सहित क्षेत्र पंचायत के विभिन्न गांवों में जाकर स्थलीय निरीक्षण किया। ब्लाक सभागार में खण्ड विकास अधिकारी डॉ सरजीत सिंह के अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास परियोजना, पंचायत विभाग, जलकल, पशुपालन और कृषि सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। जनता को योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ मिले, यह सुनिश्चित करें। अन्यथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएचसी के चिकित्साधिकारी डा. पंकज कुमार सिंह से महिलाओं के स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी अन्य जानकारी भी ली। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव से ब्लाक में छात्र शिक्षक अनुपात के साथ ही दिव्यांग बच्चो के शिक्षण कार्य पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा बाल विकास परियोजना अधिकारी सोनम सिंह से उन्होंने सात बिंदुओं पर जानकारी जानकारी ली। साथ ही एडीओ पंचायत इरसाद जफर से योजनाओं को लेकर चर्चा की। इसी क्रम में उन्होंने सीएचसी पर कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर, उपलब्ध दवाएं, ओटी रुम इत्यादि का निरीक्षण किया। विशेष सचिव ने ग्राम पंचायत डोरा के सचिवालय, प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गांव की दो गर्भवती महिलाओं की विधिवत गोद भराई भी की। साथ ही एक बच्चे को खीर खिलाकर उसका अन्नप्राशन संस्कार कराया। गांव की प्रधान वंदना राय ने विशेष सचिव चित्रलेखा सिंह का स्वागत किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डा. सरजीत सिंह के अलावा सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।