64वें प्रदेशीय विद्यालयीय में गाजीपुर ने वाराणसी को पहनाया प्रदेश विजेता का ताज





जमानियां। चंदौली के शाहिद गांव स्थित अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कालेज में 28 से 31 अक्टूबर तक चले 64वें प्रदेशीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों ने वाराणसी मंडल को विजेता बना दिया। इस दौरान अकेले गाजीपुर जनपद के तीरंदाजों ने कुल 35 पदकों पर निशाना लगाया। वहीं प्रतियोगिता के बाद द्रोणा तीरंदाजी एकेडमी के 13 तीरंदाजों का चयन राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए भी हो गया। चंदौली में आयोजित 64वीं प्रदेशीय विद्यालयीय तीरंदाज़ी प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी मंडलों की टीमों ने प्रतिभाग किया था। इस दौरान वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए जनपद के तीरंदाजों ने विभिन्न राउंडों में कुल 35 पदक झटककर वाराणसी को विजेता बना दिया। इस दौरान इंडियन राउंड सब जूनियर बालक वर्ग में जनपद के रोहित कुमार ने 30 मीटर व 20 मीटर में 3 स्वर्ण पदक पर निशाना लगाया। वहीं निशांत ने 3 रजत पदक तथा अंकित ने एक कांस्य पदक पर कब्ज़ा जमाया। सब जूनियर रिकर्व स्पर्धा में राकेश ने 3 स्वर्ण व आशीष ने 3 रजत पदक जीते तथा बालिका वर्ग में खुशी ने 3 स्वर्ण पदक हासिल कर मंडल को जीत की राह पर सुचारू किया। सीनियर इंडियन राउंड इवेंट में रविकांत ने 2 स्वर्ण तथा 1 रजत व बलिराम यादव ने 1 स्वर्ण, 1 रजत तथा 1 कांस्य पदक जीता। इसी राउंड में प्रशांत गुप्ता ने 2 कांस्य पदक अपने नाम किये। सीनियर रिकर्व स्पर्धा में 60 मीटर में शुभम सिंह ने 2 कांस्य पदक जीतकर टीम की जीत की राह प्रशस्त की। वहीं बालिका वर्ग में प्रियंका यादव ने भी अपना कारनामा दिखाते हुए 3 रजत पद पर अपने जनपद की जीत लिखी। गाजीपुर जनपद के 35 पदकों की बदौलत वाराणसी मंडल ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं मेरठ मंडल दूसरे व मीरजापुर मंडल तीसरे स्थान पर रहा। मंडल के जीत की सूचना मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बाबत राकेश मौर्य ने बताया कि उक्त चयनित व विजेता खिलाड़ी स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित आगामी राष्ट्रीय विद्यालयीय तीरंदाज़ी प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं। सूचना मिलते ही द्रोणा तीरंदाजी एकेडमी के प्रमुख सतीश दुबे ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। इस मौके पर स्कोरर मनीष दुबे ,रोहित, इमरान खान, प्रदीप, अभिषेक, अमित, राजन चौधरी, कोच मुकेश तुरी आदि मौजूद थे। प्रतियोगिता में डायरेक्टर ऑफ शूटिंग की भूमिका में राकेश मौर्य रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< 8 दिनों नहीं मिले दोनों लापता मासूम, पता न चलने से बिलख रहे परिजन
चोरी गए बकरे ने कटने के बाद किया ऐसा करनामा कि........ >>