अनौनी : एक साथ 3 युवा बने सिपाही, पिता के बाद बेटे ने भी चुना वर्दी का रास्ता, किसी ने पिता को खोकर तो किसी ने दुकान के सहारे की पढ़ाई





अनौनी। मेहनत और लगन के साथ लक्ष्य निर्धारित कर लिया जाए तो विपरीत परिस्थितियां भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। कुछ ऐसी ही कहानी खानपुर के अमेहता गांव के तीन युवाओं की है, जिन्होंने तमाम चुनौतियों के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल बनने का सपना साकार किया है। बुधवार शाम पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद विवेक यादव, सुधीर यादव और सुमित प्रजापति के चयन की जानकारी मिली तो परिवारों में खुशी छा गई। ग्रामीणों ने भी तीनों युवाओं की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी। अमेहता गांव निवासी विवेक यादव पुत्र रामपुकार यादव उर्फ पप्पू ने पिता से प्रेरणा लेकर पुलिस विभाग में जाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। उनके पिता रामपुकार यादव प्रयागराज में पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं और करीब 21 वर्षों से विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। पिता को वर्दी में देखकर विवेक के मन में भी पुलिसकर्मी बनने की इच्छा जगी। उन्होंने ईशोपुर से शिक्षा पूरी करने के बाद भर्ती की तैयारी शुरू की। लगातार मेहनत और लगन का परिणाम रहा कि उनका चयन कांस्टेबल पद पर हो गया। बेटे की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, सुधीर यादव पुत्र स्व. रामकेश यादव की सफलता संघर्ष और जिम्मेदारियों के बीच अपने लक्ष्य पर डटे रहने की कहानी है। करीब दस वर्ष पहले लंबी बीमारी के कारण उनके पिता का निधन हो गया था। पिता के साये से वंचित होने के बाद परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ गईं। ऐसे में सुधीर अपने बड़े भाई के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाने लगे। परिवार की परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई नहीं छोड़ी और पुलिस भर्ती की तैयारी जारी रखी। खेती-किसानी में सहयोग करने के साथ अपने भविष्य को संवारने की कोशिश करते रहे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर उनका चयन हो गया। इसी गांव के सुमित प्रजापति पुत्र अवतार प्रजापति ने भी सीमित संसाधनों के बीच अपने सपने को पूरा किया। उनके पिता अवतार प्रजापति मुंबई में निजी नौकरी करते थे। कोरोना काल में लॉकडाउन के बाद वह गांव लौट आए और परिवार की आजीविका चलाने के लिए पान की दुकान शुरू कर दी। परिवार की आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए सुमित ने अपनी पढ़ाई और भर्ती की तैयारी पर ध्यान केंद्रित रखा। कठिनाइयों के बीच निरंतर प्रयास करते हुए उन्होंने पुलिस में भर्ती होने का लक्ष्य हासिल कर लिया। उनके चयन से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। अमेहता गांव के इन तीन युवाओं का एक साथ पुलिस कांस्टेबल पद पर चयन होना ग्रामीणों के लिए भी खुशी का अवसर बन गया है। तीनों की सफलता ने यह संदेश दिया है कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। चयन की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर तीनों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : लघुशंका के लिए निकले भाजपा बूथ अध्यक्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों का बुरा हाल
गाजीपुर : डीआरएम ने रतनपुरा-रसड़ा रेलखंड का किया निरीक्षण, पुश ट्रॉली से परखी रेलपथ की स्थिति, समपारों पर संरक्षा नियमों के पालन के दिए निर्देश >>