अनौनी : लघुशंका के लिए निकले भाजपा बूथ अध्यक्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों का बुरा हाल





अनौनी। खानपुर थानाक्षेत्र के नायकडीह गांव निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष 50 वर्षीय विजय दुबे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शव वापस आने के बाद अंतिम संस्कार किया गया। गांव निवासी विजय दुबे गुरुवार को तड़के करीब पांच बजे लघुशंका व टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सम्भवतः उनके पैर में किसी जहरीले कीड़े या सांप के काट लिया। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में किसी को कोई जानकारी नहीं दी थी। घर लौटने के करीब दो घंटे बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उनकी हालत खराब होते देख परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विजय मेडिकल स्टोर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी ममता दुबे का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके तीन पुत्र आनंद, परमानंद और सदानंद तथा एक पुत्री पायल हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। बहरहाल पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : मिशन शक्ति के तहत कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने सीएचसी में जाना स्वास्थ्य सेवाओं का कामकाज, कोतवाली में महिलाओं का हुआ सम्मान
अनौनी : एक साथ 3 युवा बने सिपाही, पिता के बाद बेटे ने भी चुना वर्दी का रास्ता, किसी ने पिता को खोकर तो किसी ने दुकान के सहारे की पढ़ाई >>